एसडीएम ने सुखबाना में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं

Author Sanjay
Updated:
विज्ञापन
एसडीएम ने सुखबाना में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं

एसडीएम ने सुखबाना में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं

विज्ञापन

गढ़वा.

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सदर एसडीएम संजय कुमार ने नवादा पंचायत अंतर्गत सुखबाना गांव के वार्ड-14 में जन चौपाल लगायी. उन्होंने चौपाल में पहुंचे स्थानीय लोगों से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, मैया सम्मान योजना व नल जल योजना की धरातलीय स्थिति के बारे में जाना. साथ ही लोगों से उनकी समस्याओं एवं सुझाव भी सुने. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव और वार्ड सदस्य सीमा देवी ने बताया कि इस क्षेत्र में भू-राजस्व संबंधी ऐसे कई मामले हैं, जिन पर प्रशासन को अविलंब ध्यान देने की आवश्यकता है. जब एसडीएम ने विस्तार से पूछा तब ज्ञात हुआ कि इस वार्ड में 70-80 घर ऐसे हैं जिनकी भूमि का नामांतरण नहीं हो पा रहा है. इन लोगों ने एसडीओ को बताया कि वे लोग कई दशकों से यहां रह रहे हैं. उनके पास केवाला या शपथ पत्र से खरीदी हुई जमीन है किंतु दाखिल-खारिज न हो पाने के कारण उनका नाम पंजी टू में दर्ज नहीं है, ऐसे में उन्हें डर है कि कहीं इस कमी का फायदा उठाकर भू माफिया लोग उनकी जमीन न हड़प लें. ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि शहर की परिधि में स्थित होने और शहरीकरण बढ़ने से इस गांव की जमीन बहुत महंगी हो गयी है, इसलिए जमीन माफियाओं की नजर अक्सर इस गांव पर रहती है. बताया गया कि यहां पर अक्सर भूमि विवाद के कारण झगड़े भी होते रहते हैं. दो साल पूर्व यहां भूमि विवाद को लेकर हत्या भी हो चुकी है. ऐसे में इस गांव के भू राजस्व संबंधी मामलों को दुरुस्त करने की जरूरत ग्रामीणों ने बतायी.

राजस्व कैंप लगाने का निर्देश : ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम ने सदर अंचल अधिकारी सफी अलम को दूरभाष पर निर्देश दिया कि वह इस गांव में एक-दो दिन का समय देकर भू-राजस्व संबंधी मामलों को लेकर एक राजस्व कैंप लगवाएं, जिसमें दाखिल-खारिज, ऑनलाइन प्रविष्टि, लगान निर्धारण व एलपीसी के अलावा भूमि विवादों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें.

मुखिया और ग्रामीणों ने एसडीएम को दिया मांग पत्र

नवादा पंचायत की मुखिया आशा देवी और ग्रामीण सुरेंद्र यादव, राहुल पासवान, दशरथ विश्वकर्मा, विनोद राम, दिनेश पासवान, वीरेंद्र कुमार, उषा देवी, कलावती देवी, ललिता चंद्रवंशी, शोभा देवी, सरिता देवी आदि ने मिलकर एसडीएम को गांव की समस्याओं से जुड़ा एक मांग पत्र भी सौंपा. जिसमें उन्होंने गांव में भूमाफियाओं से जुड़े मुद्दों को इंगित किया. इस पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी को आश्वस्त किया कि गांव की विधि व्यवस्था और भू-राजस्व प्रबंधन को लेकर वे लोग निश्चिंत रहें, किसी को कोई दिक्कत नहीं होने दी जायेगी. एसडीएम ने बताया कि अब वह हर सप्ताह किसी न किसी गांव में इस प्रकार की जन चौपाल लगाकर वहां के लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण करने का प्रयास करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Sanjay

लेखक के बारे में

By Sanjay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola