‘व्यक्ति नहीं, विचार थे गिरिवर पांडेय’, पुण्यतिथि पर विधायक समेत नेताओं ने किया नमन
गिरिवर पांडेय व्यक्ति नहीं, विचार थे : अनंत प्रताप देव | Prabhat Khabar Network
समाजवादी नेता गिरिवर पांडेय की 18वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. विधायक अनंत प्रताप देव और विभिन्न नेताओं ने गरीबों के मसीहा को याद किया. उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया.
श्री बंशीधर नगर. एकीकृत बिहार के पूर्व मंत्री व समाजवादी नेता स्व. गिरिवर पांडेय की 18वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को पथ निर्माण विभाग के अतिथि गृह स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. विधायक अनंत प्रताप देव समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
गरीबों और वंचितों की आवाज थे गिरिवर पांडेय
विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि स्व. गिरिवर पांडेय व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार थे. उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं. उन्होंने गरीबों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बनकर काम किया. क्षेत्र के लोग उन्हें ‘गुदड़ी का लाल’ कहते थे.
उन्होंने कहा कि स्व. पांडेय ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों और क्षेत्र के लोगों से जो आत्मीय संबंध बनाया, वह आज भी कायम है.
समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि भवनाथपुर क्षेत्र लंबे समय से समाजवादी विचारधारा का गढ़ रहा है. स्व. पांडेय ने गरीबी को करीब से देखा और जीवनभर गरीब-गुरबों के हितों को लेकर काम किया. लगातार 10 वर्षों तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
वक्ताओं ने कहा कि उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाना तथा समाज के दबे-कुचले लोगों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता मोबिन अंसारी ने की, जबकि संचालन स्व. पांडेय के पुत्र अभय कुमार पांडेय ने किया. पूर्व विधायक राजेंद्र प्रताप देव, भाजपा नेता कन्हैया चौबे, डॉ यासीन अंसारी, धनंजय पासवान सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे. मौके पर स्व. पांडेय के पुत्र संजय कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए