जीएन कॉन्वेंट में अंगदान जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को दी गयी जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित जायंट्स के पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
जायंट्स ग्रुप गढ़वा ने जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अंगदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया. विद्यार्थियों को अंगदान के महत्व, प्रक्रिया और जीवन बचाने में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया.
गढ़वा. जायंट्स ग्रुप गढ़वा की ओर से सेवा सप्ताह के तीसरे दिन जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अंगदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जायंट्स ग्रुप गढ़वा के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की. शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इस दौरान जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यार्थियों को अंगदान के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में अंगदान की भूमिका के बारे में जानकारी दी. वक्ताओं ने कहा कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है. सही जानकारी के अभाव में कई लोग अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों के कारण पीछे हट जाते हैं. जागरूकता के माध्यम से लोगों को इस मानवीय पहल से जोड़ा जा सकता है.
जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारियों ने बताया कि जीवित व्यक्ति चिकित्सकीय एवं कानूनी प्रावधानों के तहत एक किडनी तथा लिवर का एक हिस्सा दान कर सकता है. वहीं मृत्यु या ब्रेन डेथ की स्थिति में चिकित्सकीय प्रावधानों के अनुसार आंखें, हृदय, फेफड़े, किडनी, अग्न्याशय, लिवर, त्वचा और ऊतक जैसे अंग एवं ऊतक दान किए जा सकते हैं.
वक्ताओं ने कहा कि अंगदान महादान है और इसके प्रति समाज के हर वर्ग में जागरूकता फैलाने की जरूरत है. विद्यार्थियों के माध्यम से अंगदान का संदेश परिवार और समाज तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है. सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है.
कार्यक्रम में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी एवं एमपी केसरी, मनोज केसरी, अवधेश कुशवाहा, मंदीप सोनी, अशोक विश्वकर्मा, चंद्रभूषण सिन्हा, अशोक केसरी एवं सुनील अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए