East Singhbhum News : कालीमाटी आंगनबाड़ी में घुसा पानी, पोषाहार भीगने से बर्बाद

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 09 Jul 2025 12:14 AM

विज्ञापन

गालूडीह में लगातार बारिश का कहर : कक्षा में घुटने तक पानी जमा

विज्ञापन

गालूडीह. लगातार बारिश से गालूडीह में कहर बरपने लगी है. कई निचले इलाके की बस्ती, मुहल्ले, कॉलोनी जलमग्न हो गये हैं. घरों व दुकानों में पानी घुस गया है. टीचर्स कॉलोनी, उपरडांगा में जल जमाव है. मंगलवार को महुलिया पंचायत के कालीमाटी आंगनबाड़ी केंद्र में बारिश का पानी भर गया. कक्षा में ठेहुना भर पानी जमा हो गया. आंगनबाड़ी केंद्र के सामने बारिश से जल जमाव हो गया. बारिश थमने के बाद भवन के सामने घुटने तक पानी जमा है. भवन के सामने तालाब सा नजारा है. इसके कारण केंद्र में बच्चों को परेशानी हो रही है. सेविका मणिमाला गोप और सहायिका कल्पना सीट ने बताया कि केंद्र में कुल 30 बच्चे नामांकित हैं. केंद्र के कमरे में पानी भरा हुआ है. इसके कारण बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र नहीं आ रहे हैं. भवन के चारों ओर पानी भरने से केंद्र के संचालन करने में परेशानी हो रही है. केंद्र में रखे चावल और रेडी टू ईट बारिश के पानी से भीगकर बर्बाद हो गये. ऐसे में बच्चों को पोषाहार देना मुश्किल हो रहा है. इसकी जानकारी सीडीपीओ को दी गयी है. पानी घुसने से केंद्र में रखे अन्य सामान भी बर्बाद हो गये.

डुमरिया : बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त

डुमरिया प्रखंड में लगातार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त है. खेतों में धान के बिचड़े सड़ रहे हैं. काफी किसान धान का बिचड़ा नहीं लगा पा रहे हैं. समय पार हो रहा है, इससे किसान परेशान हैं. जिनका बिचड़ा तैयार है, उन्होंने थोड़ी बहुत रोपनी शुरू की है. आस्ताकवाली पंचायत क्षेत्र के कई गांवों में रोपनी शुरू हो गयी है. मंगलवार की सुबह से हो रही बारिश से अधिकतर निजी विद्यालयों ने छुट्टी घोषित कर दी. सभी सरकारी विद्यालय खुले रहे. बाजारों कि अधिकतर दुकानें सुबह में बंद रहीं. बाजार व डुमरिया की सड़कें सुबह से सुनसान रहीं. बारिश से ठेले वाले दुकान बंद रही. नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया है. बारिश अगर नहीं थमती है, तो बाढ़ आ सकती है. मिट्टी के घरों में रहनेवाले लोगों पर आफत आ गयी है. दीवार लगातार भीगने से गिर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola