East Singhbhum News : 58 पुड़िया ब्राउन शूगर जब्त, 5 युवक गिरफ्तार सरायकेला से लाकर बेच रहे थे घाटशिला में

Updated:
विज्ञापन
East Singhbhum News : 58 पुड़िया ब्राउन शूगर जब्त, 5 युवक गिरफ्तार सरायकेला से लाकर बेच रहे थे घाटशिला में

एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

विज्ञापन

घाटशिला. मऊभंडार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर बेचने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर (वजन लगभग 9.38 ग्राम) बरामद की गयी है. आरोपी स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की लत लगाकर अपना बाजार फैला रहे थे. सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी. मजिस्ट्रेट सह बीडीओ यूनिका शर्मा की मौजूदगी में सोमवार रात मऊभंडार के एचसीएल क्वार्टर में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा गया.

500 रुपये प्रति पुड़िया बेची जा रही:

जांच में पता चला है कि ये आरोपी ब्राउन शुगर को सरायकेला-खरसावां जिले से कम कीमत पर लाकर यहां ऊंचे दाम पर बेचते थे. एक पुड़िया करीब 500 रुपये में खरीदकर मांग के अनुसार बेची जाती थी. आरोपियों के पास से नशीले पदार्थ के साथ मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गयी है.

स्कूल और कॉलेज के छात्रों को शिकार बना रहा गिरोह:

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज के छात्रों को अपना शिकार बना रहा था, जो क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि घाटशिला में नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द जेल भेजा जायेगा.

छापेमारी टीम :

इस सफल कार्रवाई में बीडीओ यूनिका शर्मा, ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता, एसआई मुकुट आईंद, एएसआई मार्शल हेरेंज, चतरगुण राउत और विकास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. पुलिस की इस मुस्तैदी पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए टीम की सराहना की है.

गिरफ्तार आरोपी

1. सुजीत राणा (मऊभंडार)

2. करण व्यास और अर्जुन व्यास (दोनों सगे भाई, मऊभंडार)

3. सौरभ दत्ता और संजय दत्ता (दोनों सगे भाई, मऊभंडार)

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola