ePaper

East Singhbhum News : हाइवे पर कार ने बाइक सवार को रौंदा, फूलपाल के अधेड़ की मौत

Updated at : 14 Feb 2026 12:17 AM (IST)
विज्ञापन
East Singhbhum News : हाइवे पर कार ने बाइक सवार को रौंदा, फूलपाल के अधेड़ की मौत

जमशेदपुर से अपने घर लौट रहे थे शेख आजाद

विज्ञापन

गालूडीह. एनएच-33 पर गालूडीह और घाटशिला के बीच शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गयी. जगन्नाथपुर में पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार (जेएच 02 बीजी 4123) ने एक बाइक (जेएच 05इएफ 7854) को पीछे से टक्कर मार दी. बाइक सवार सड़क पर गिर गया और कार उसे रौंदते हुए निकल गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लहूलुहान अवस्था में व्यक्ति को दूसरी कार की मदद से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. यहां जांच के बाद डॉ मीरा मुर्मू ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान घाटशिला प्रखंड के फूलपाल निवासी शेख आजाद (55 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वे जमशेदपुर से अपने घर लौट रहे थे. शेख आजाद अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे. उनके पीछे एक बेटा और शादीशुदा तीन बेटियां हैं. बेटा बेंगलुरु में काम करता है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल के शीत गृह में रखवा दिया है. शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा.

मुआवजे की मांग पर अस्पताल में हंगामा :

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों और पंसस रफीक आलम ने परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा किया. एएसआइ शैलेश तिवारी अस्पताल पहुंचे और शांत कराया.

हजारीबाग निवासी कार चालक हिरासत में:

पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. कार चालक हजारीबाग का निवासी बताया जा रहा है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है.

डिमना से बहरागोड़ा के बीच हाइवे पर लगातार हो रही दुर्घटना:

डिमना से बहरागोड़ा के बीच फोरलेन हाइवे पर सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसों के कई कारण है. इसे रोकने के लिए विशेष पहल जरूरी है.

अत्यधिक रफ्तार :

वाहनों की अनियंत्रित गति और गलत तरीके से ओवरटेक करना.

असुरक्षित कट :

हाइवे पर बने कट प्वाइंट्स पर सावधानी का अभाव.

भारी वाहनों का कहर :

बालू, पत्थर और स्लैग लदे हाइवा व ट्रेलर का ””मौत”” बनकर दौड़ना.

प्रशिक्षण की कमी :

नौसिखिए कार चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी करना.

मृत शेख आजाद के परिजनों से मिले विधायक

घाटशिला. सड़क दुर्घटना में फूलपाल निवासी शेख आजाद (55) की मौत की सूचना पाकर विधायक सोमेश चंद्र सोरेन शुक्रवार की शाम फूलपाल गांव पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया. विधायक ने परिजनों को राज्य सरकार से मुआवजा व अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी. आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को पात्र सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करायी जायेंगी. इस विकट समय में झामुमो मृतक परिवार के साथ खड़ा है. इस दौरान विधायक ने प्रशासन से कहा कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान दे. कहा कि जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाये और लापरवाह व तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola