East Singhbhum News : तारापद हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

Published by : AKASH Updated At : 06 Feb 2026 12:57 AM

विज्ञापन

DCIM100MEDIADJI_0190.JPG

घटना के 25 दिन के भीतर पुलिस ने किया खुलासा, अब तक पांच आरोपी व साजिककर्ता गये जेल

विज्ञापन

गालूडीह .

गालूडीह की खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड चौक स्थित प्रज्ञा केंद्र में बीते 12 जनवरी की शाम हुई तारापद महतो की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता निवास दूबे उर्फ छोटू दूबे को गालूडीह थाना पुलिस ने उलीडीह स्थित उसके घर से बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने पत्रकारों को बताया कि तारापदो महतो की हत्या की साजिश निवास दूबे ने ही रची थी. इसके लिए उसने शूटरों को डेढ़ लाख रुपये देने का वादा किया था. एसपी ने बताया कि छोटू दूबे ने अपनी मोटरसाइकिल जगन्नाथ गोराई को दी थी. उसने पिस्तौल और गोली की व्यवस्था करायी थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. पुलिस ने छोटू दूबे की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एक पिस्तौल और तीन गोलियां बरामद की है.

जमीन विवाद और जेल से रची गयी साजिश

पुलिस जांच के अनुसार, इस हत्याकांड की जड़ में जमीन विवाद था. हत्या की पूरी पटकथा घाटशिला जेल के भीतर रची गयी थी. जेल में बंद जितेन्द्र दुबे, जिसका तारापद महतो से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, उसने अपने परिजनों और सहयोगियों के माध्यम से इस खूनी खेल को अंजाम दिया. जांच में भाजपा नेता हाराधन सिंह की संलिप्तता भी पायी गयी है, जिन्हें पहले ही जेल भेजा जा चुका है.

कैसे दिया गया घटना को अंजाम?

12 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे तीन अपराधी एक बाइक से प्रज्ञा केंद्र पहुंचे थे. अभिषेक कुमार उर्फ हैप्पी ने केंद्र के अंदर घुसकर पहले मारपीट की और चाकू से हमला किया. जगन्नाथ गोराई ने तारापद महतो को गोली मारी, जिससे उनकी मृत्यु हो गयी. विकास दुबे बाइक पर बाहर बैठकर साथियों का इंतजार कर रहा था. निवास कुमार दुबे (छोटू दुबे) अब पुलिस की गिरफ्त में आया है. यह पांचवां आरोपी भी साजिश का अहम हिस्सा था.

आक्रोश और प्रशासन का दबाव

तारापद महतो, भाजपा नेता सह उलदा पंचायत की उप मुखिया आशारानी महतो के पति थे. उनकी हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में भारी जनाक्रोश फैल गया था. ग्रामीणों ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया था. 17 जनवरी को एनएच जाम किया गया, जिसे प्रशासन के साथ लिखित समझौते के बाद ही खोला गया.तारापद हत्याकांड में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किये गये हैं. एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश अभी जारी है. उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की गयी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा. –

ऋषभ गर्ग

, ग्रामीण एसपी, पूर्वी सिंहभूम

अब तक की गिरफ्तारियां

अभिषेक कुमार उर्फ हैप्पी विकास दुबे उर्फ राहुल जगन्नाथ गोराई (कोर्ट में सरेंडर के बाद रिमांड पर) जितेन्द्र दुबे (जेल से रिमांड पर) हाराधन सिंह (भाजपा नेता) निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू (ताजा गिरफ्तारी)

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola