East Singhbhum News : झामुमो नेता समीर के पुत्र की सड़क हादसे में मौत

विधायक समीर मोहंती की मुंहबोली बहन है मृतक की मां
चाकुलिया. चाकुलिया-केरुकोचा मार्ग पर मंगलवार की शाम सड़क दुर्घटना में विधायक समीर मोहंती के करीबी झामुमो नेता समीर दास के पुत्र की मौत हो गयी. दरअसल, झामुमो नेता समीर दास के 30 वर्षीय पुत्र मिलन दास अपने चार दोस्तों के साथ दो बाइक से क्रिकेट मैच खेलने के लिए बड़ामारा गये थे. वहां से केरुकोचा लौट रहे थे. मिलन बाइक चला रहे थे. पीछे वाली सीट पर उसके मित्र कोषाफलिया निवासी चंदन सिंह बैठा था. मुढाल एवं खेजुरिया गांव के बीच पुलिया पर मिलन की बाइक पुलिया की रेलिंग से जा टकरायी. मिलन के सिर पर गंभीर चोट लगी. स्थानीय लोगों की सहायता से मिलन को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां जांच के उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मिलन की मौत की सूचना मिलते ही विधायक समीर मोहंती, पिता समीर दास, पीके बनर्जी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, मो गुलाब समेत लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना पर विधायक समीर मोहंती ने गहरा दुख प्रकट किया है.
डेढ़ साल पहले मिलन का हुआ था विवाह:
मृतक मिलन दास की मां को विधायक समीर मोहंती ने अपना बहन बनाया है. प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन में विधायक समीर मोहंती राखी बंधवाने के लिए उनके घर जाते हैं. मौके पर उपस्थित विधायक की आंखों से आंसू रुक नहीं रहे थे. लगभग डेढ़ वर्ष पहले मिलन दास का विवाह हुआ था. उसे 6 माह का एक बेटा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के वक्त मिलन दास ने हेलमेट नहीं पहना था. यदि बाइक चलाने के दौरान मिलन हेलमेट पहना होता तो इतनी बड़ी घटना टल सकती थी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










