हंसडीहा-नोनीहाट मार्ग पर घर लौट रहे चार छात्रों को वाहन ने मारी टक्कर, चालक मौके से फरार
नोनीहाट स्वास्थ्य केंद्र. | Prabhat Khabar Network
नोनीहाट-हंसडीहा मार्ग पर पटराबांध के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चार छात्र घायल हो गये. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
प्रतिनिधि, नोनीहाट: नोनीहाट-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के पटराबांध स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी.
घर लौट रहे थे चारों छात्र
मिली जानकारी के अनुसार, चारों छात्र रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र के कचुआ गांव के रहने वाले हैं. सभी छात्र जियाजोर मिशन से पढ़ाई कर अपने घर कचुआ लौट रहे थे.
इसी दौरान हंसडीहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पटराबांध स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप चारों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में चारों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये.
घायलों की पहचान सनातन बास्की, जोयन टुडू, गणित टुडू और सायमान बास्की के रूप में हुई है. चारों कचुआ गांव के निवासी बताये जा रहे हैं.
हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुआ चालक
घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए नोनीहाट स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गये. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया.
तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जतायी. ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए