सरैयाहाट में साइबर ठगी में छह गिरफ्तार, कार व मोबाइल जब्त

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने करण को थाने लाकर पूछताछ की, जिसमें उसने साइबर अपराध करना स्वीकार किया. इस मामले में पुलिस ने कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है.
सरैयाहाट. सरैयाहाट थाना पुलिस ने साइबर क्राइम में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. यह कार्रवाई बुधवार को हुई. मामले की शुरुआत तब हुई जब चोराजोर गांव के नाविर दास ने पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा निरंजन दास को एक टाटा पंच वाहन में कुछ लोग उठा ले गए हैं. पुलिस ने तुरंत खोजबीन शुरू की और कोठिया गांव में गाड़ी और उसमें बैठे दो लड़कों रौशन शर्मा और हिरो रजक को पकड़कर थाने लाया. पूछताछ में दोनों लड़कों ने पुलिस को बताया कि उनका संपर्क घघरी गांव के करण कुमार से हुआ था. करण साइबर अपराध का काम करता है और विभिन्न खातों के माध्यम से कमीशन लेकर पैसे निकालवाता था. रौशन और हिरो ने बताया कि उन्हें खातों का जुगाड़ करने के लिए कहा गया था. इसके तहत निरंजन दास और उसका ममेरा भाई टुवन दास भी शामिल थे. टुवन दास ने अपने एक्सिस बैंक शाखा जमशेदपुर के खाते का नंबर दिया, जिसमें करण कुमार ने साइबर माध्यम से 50,000 रुपए भेजे. रौशन शर्मा, हिरो रजक और निरंजन दास ने मिलकर टुवन दास के घर जाकर एटीएम कार्ड और पिन नंबर लेकर कोठिया गांव स्थित एटीएम से 10,000 रुपए निकाल लिए. इसके बाद बचे हुए 25,000 रुपए सिरिता देवी के खाते में ट्रांसफर कर दिए. शेष 15,000 रुपए निकालने में समस्या होने पर टुवन दास ने एटीएम को अगले दिन वापस लौटाने के लिए छोड़ दिया. इस पूरे प्रकरण में रौशन और हिरो गाड़ी से टुवन और निरंजन को घर तक छोड़ने के बाद करण कुमार को पैसे सौंपने आए. पुलिस कार्रवाई के दौरान जब टीम करण कुमार के घर पहुंची, तो गेट अंदर से बंद कर दिया गया. पुलिस ने करीब आधा घंटा प्रयास करने के बाद गेट खोला. करण कुमार को पकड़ने की कोशिश पर उसकी मां सविता देवी और बड़े पापा चंद्रशेखर मंडल ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने करण को थाने लाकर पूछताछ की, जिसमें उसने साइबर अपराध करना स्वीकार किया. इस मामले में पुलिस ने कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान 5 मोबाइल फोन, 1 टाटा पंच वाहन और 5,000 रुपए नगद बरामद किए. थाना प्रभारी राजेंद्र यादव और एसआई टीम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. टीम में एसआई जय प्रकाश दास, एसआई विकेश कुमार मेहरा, एसआई नकी ईमाम खां, एसआई नेलशन निरल मानकी, नरेश कुमार महतो, सावन कुमार साहु, अनिल कुमार सिंह, एएसआई वीरेंद्र कुमार, एएसआई शैलेश कुमार मिश्रा, एएसआई जय प्रकाश तिवारी, रिशु कुमार ओज, उमाशंकर कुमार, जयंत कुमार मोदी और राहुल गोलदार शामिल थे. इस पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




