श्रावणी मेला का 22 वां दिन - बोल बम के जयघोष के साथ 1.38 लाख कांवरियों ने किया बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक
बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़, अरघा में जल डालते, आरती करते व कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
सावन के 22वें दिन बासुकिनाथ धाम में शिवभक्ति चरम पर. 1.38 लाख कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की.
बासुकिनाथ: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 22वें दिन गुरुवार को बाबा फौजदारीनाथ की नगरी पूरी तरह शिवभक्ति में डूबी रही. ब्रह्ममुहूर्त से ही बासुकिनाथ धाम में कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा. कांवरिये भक्ति गीतों पर नाचते-गाते बाबा के दरबार तक पहुंचे और गंगाजल अर्पित कर परिवार तथा समाज के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
आपके शहर में

भोर से ही कांवरियों की कतार, जयघोष से गूंजा धाम
शिवगंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक कांवरियों की लंबी कतार लगी रही. बाबा बासुकिनाथ मंदिर का पट सुबह 2:05 बजे खोला गया. इसके बाद सरकारी पूजा संपन्न हुई. सरकारी पूजा के उपरांत सुबह 4:06 बजे कांवरियों के लिए जलार्पण शुरू हुआ. महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा फौजदारीनाथ पर गंगाजल अर्पित करते रहे.

1.38 लाख कांवरियों ने किया बाबा का जलाभिषेक
उमस भरी गर्मी और धूप-छांव के बीच भी कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था. मंदिर प्रबंधन के अनुसार गुरुवार को कुल 1,38,654 कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक किया. इसके अलावा 25,490 श्रद्धालुओं ने जलार्पण काउंटर पर गंगाजल अर्पित किया. काउंटर पर लगे एलसीडी स्क्रीन पर श्रद्धालुओं को बाबा के शिवलिंग का दर्शन कराया गया. पाइपलाइन के माध्यम से काउंटर पर चढ़ाया गया गंगाजल सीधे बाबा के शिवलिंग तक पहुंचता है.

शीघ्रदर्शनम से 17.79 लाख की आय, 3558 श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ
शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत गुरुवार को 3558 श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का सुलभ जलार्पण किया. इस व्यवस्था से मंदिर न्यास पर्षद को 17 लाख 79 हजार रुपये की आमदनी हुई. इसके लिए श्रद्धालुओं को मंदिर कार्यालय से 500 रुपये का कूपन लेना पड़ता है. कूपन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सिंह द्वार से मंदिर परिसर में प्रवेश दिया जाता है और विशेष द्वार से गर्भगृह में पहुंचकर जलार्पण की सुविधा मिलती है.
मंदिर को विभिन्न स्रोतों से मिले 20.74 लाख रुपये
मंदिर न्यास पर्षद को गुरुवार को विभिन्न स्रोतों से कुल 20,74,288 रुपये की आमदनी हुई. मंदिर परिसर की विभिन्न दानपेटियों से 2,45,230 रुपये, गर्भगृह गोलक से 42,670 रुपये तथा अन्य स्रोतों से 7,388 रुपये प्राप्त हुए. दानपेटी और गोलक से प्राप्त राशि की गिनती मंदिर प्रशासनिक भवन में सीसीटीवी कैमरों और अधिकारियों की निगरानी में की गयी.
सावन में विशेष अनुष्ठानों पर रोक, रात में होगा श्रृंगार
श्रावणी मेला के दौरान बासुकिनाथ मंदिर में सावन माह भर दिन में श्रृंगार नहीं किया जा रहा है. रात 9 बजे के बाद सरकारी श्रृंगार के साथ 11 श्रृंगार एक साथ किए जाएंगे. इस अवधि में अभिषेक और फुलायस की भी अनुमति नहीं होगी. सावन के दौरान मंदिर में शादी-विवाह सहित अन्य विशेष अनुष्ठान भी नहीं होंगे.
12 वर्षों से बासुकिनाथ पहुंच रही कोलकाता कांवर मंडली
कोलकाता कांवर मंडली के सदस्यों ने भी बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया. जलार्पण के बाद मंडली के सदस्यों ने मंदिर परिसर में एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिले और भव्य आरती की. संगम अग्रवाल, गणेश राय, सोमनाथ, मंजू देवी समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से मंडली के सदस्य उत्तरवाहिनी गंगाजी सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बासुकिनाथ पहुंचते हैं और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं.
बाबा के दरबार में जलार्पण से मिलती है आत्मिक शांति
मंडली के सदस्यों ने कहा कि सावन में बाबा पर जलार्पण करने से मन को असीम शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है. कांवरियों की भक्ति और उत्साह से बासुकिनाथ धाम पूरे दिन शिवमय बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आदित्यनाथ पत्रलेख
आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए