विधायकों की घिघ्घी, योजना का बंटाधार

Published at :14 Nov 2015 7:43 AM (IST)
विज्ञापन
विधायकों की घिघ्घी, योजना का बंटाधार

विधायकों को तैयार करनी है गांवों की सूची व लाभुकों का नाम आनंद जायसवाल दुमका : ग्रामीण विद्युतीकरण योजना जहां एक ओर विधायकों की घिघ्घी बनती जा रही है वहीं योजना का बंटाधार भी होने लगा है. विधायक इस असमंजस में हैं कि वे किसे इस योजना का लाभुक बनायें. इस चक्कर में उनका वोट […]

विज्ञापन
विधायकों को तैयार करनी है गांवों की सूची व लाभुकों का नाम
आनंद जायसवाल
दुमका : ग्रामीण विद्युतीकरण योजना जहां एक ओर विधायकों की घिघ्घी बनती जा रही है वहीं योजना का बंटाधार भी होने लगा है. विधायक इस असमंजस में हैं कि वे किसे इस योजना का लाभुक बनायें.
इस चक्कर में उनका वोट बैंक ना गड़बड़ा जाये इसकी चिंता उन्हें सता रही है. बता दें कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण व कृषि विद्युत योजना में विधायकों को सूची तैयार करने को कहा है कि किसे इसका लाभ देना है. लेकिन संताल परगना के अधिकांश विधायक इस सूची को तैयार करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं.
इसका अंजाम यह है कि अबतक तिलकामांझी कृषि पंप योजना और अटल ग्राम ज्योति योजना का लाभ किसी भी गांव को नहीं मिल सका है. विभाग ने भी मई माह में विधायकों को पत्र भेजा था. लेकिन विधायक इसपर तत्परता तो दूर रूचि तक नहीं ले रहे. गांवों की सूची और लाभुकों के नाम पर मुहर लगाने में विधायकों को वोट बैंक का डर घर किये हुए है.
..तो 49500 परिवार होते लाभान्वित
इन दोनों ही योजनाओं के लिए संताल परगना के विधायक थोड़ी तत्परता व सजगता दिखाते तो बिजली की सुविधा से वंचित 22500 किसानों को तो पंपिंग सेट चलाने के लिए बिजली तो मिलती ही, एपीएल के 27000 परिवारों को भी नि:शुल्क बिजली का कनेक्शन मिल जाता, जिससे उनके गांवों में खुशहाली आती.
..कृषि कार्य के लिए मिलती छह घंटे बिजली
तिलका मांझी कृषि पंप योजना के तहत सरकार का मकसद किसानों को कम से कम छह घंटा बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित कराना था. सीएम रघुवर दास ने खुद दुमका के पुलिस लाइन मैदान में 26 जनवरी 2015 को इसकी घोषणा की थी. गांवों की सूची नहीं मिल पाने की वजह से अब तक इसके लिए अलग फीडर पर भी काम नहीं हो सका है.
क्या है अटल ग्राम योजना
अटल ग्राम ज्योति योजना के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों के तीस-तीस गांवों का चयन किया जाना है तथा उन गांवों के पचास-पचास एपीएल लाभुकों का चयन कर उन्हें मुफ्त में बिजली के कनेक्शन दिये जाने हैं. यह सभी गांव अलग-अलग पंचायत के होंगे तथा प्राथमिकता यह भी रहेगी कि वे पंचायत मुख्यालय से सुदूरवर्ती होंगे.
क्या है तिलकामांझी कृषि पंप योजना
तिलकामांझी कृषि पंप योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को कृषि पंप चलाने के लिए नि:शुल्क बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाना है. इसके तहत कुल 50 गांवों की सूची उपलब्ध करायी जानी है. जिनमें 25-25 लाभुकों को कृषि पंप चलाने के लिए अलग फीडर से कनेक्शन दिये जायेंगे. इन लाभुकों में 60 फीसदी बीपीएल व 40 फीसदी एपीएल होंगे. ये गांव ऐसे होंगे, जहां सिंचाई सुविधा उपलब्ध है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola