Dhanbad News: तेज रफ्तार एसयूवी ने एटलेन में दो कारों को मारी टक्कर, चार लोग घायल

Edited by MANOJ KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Dhanbad News: स्थानीय लोगों ने नशे में धुत्त चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा

विज्ञापन

Dhanbad News: वरीय संवाददाता, धनबाद/ बरवाअड्डा. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत एटलेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के समीप शनिवार की रात तेज रफ्तार और नशे में धुत्त एसयूवी चालक ने सड़क पर कहर बरपा दिया. अनियंत्रित गति से दौड़ रही एसयूवी कार ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सामने खड़ी दूसरी एसयूवी से जा टकरायी. इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गये, जबकि एसयूवी कार में सवार एक युवक को भी चोट आयी है. उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चला रहे युवक मन्नु रजवार को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं हादसे के बाद एसयूवी में सवार दो अन्य युवक मौके से फरार हो गये.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजहजानकारी के अनुसार एसयूवी कार(जेएच 10 सीजेड-2501) मेमको मोड़ से कुर्मीडीह मोड़ की ओर सर्विस लेन के रास्ते अत्यधिक तेज गति से जा रही थी. कार में चालक समेत चार युवक सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसयूवी के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पहले सामने से जा रही कार (एच 10 सीआर 9239) को टक्कर मारी. इसके बाद भागने के क्रम में चालक ने वाहन को आगे खड़ी एसयूवी (जेएच 10 सीएक्स 0023) से भिड़ा दिया.

भीषण टक्कर में वाहन क्षतिग्रस्त :

हादसा इतना जोरदार था कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये. सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया.

एक ही परिवार के तीन लोग घायल :

इस दुर्घटना में बारामुड़ी निवासी कर्मवीर श्रीवास्तव, उनका बेटा रणवीर कुमार और उनकी पत्नी घायल हो गये. कर्मवीर श्रीवास्तव अपनी कार से मेमको मोड़ की ओर जा रहे थे. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जहां, प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छोड़ दिया गया.

स्थानीय लोगों की तत्परता से पकड़ा गया कार चालक :

हादसे के बाद एसयूवी में सवार दो युवक मौके से फरार हो गये, जबकि कार चला रहा व सामने सीट पर बैठा युवक भागने में असफल रहा. स्थानीय लोगों ने उसे धर दबोचा और तत्काल पुलिस को सूचना दी. बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. वही घायल दूसरे युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया.

एसयूवी से शराब की बोतलें बरामद :

पुलिस ने जब एसयूवी की तलाशी ली तो उसमें से शराब की बोतलें बरामद हुईं. स्थानीय लोगों के अनुसार एसयूवी सवार युवक शराब के नशे में थे और हादसे से पहले मेमको मोड़ के समीप शराब पी थी. इसके बाद युवकों ने कुछ लोगों से झगड़ा भी किया. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चालक शराब के नशे में था या नहीं.

नहीं थम रहा एटलेन में नशे और रफ्तार का कहर :

एटलेन में नशे की हालत में वाहन चलाने का सिलसिला रुक नहीं रहा है. कुछ दिन पूर्व एटलेन में रेस लगा रही कार ने तीन कारों को टक्कर मार दी थी. इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे. इलाज के क्रम में सरायढेला के सुबाला गार्डन निवासी निखिल मोदी की मौत हो गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola