कोल कर्मियों को बंधक बनाकर 800 फीट केबल लूट ले गये अपराधी

विज्ञापन

निरसा 11 में कोलियरी का फोटो | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

धनबाद की ECL मुगमा क्षेत्र की कोलियरी में हथियारबंद अपराधियों ने खदान में घुसकर कर्मियों को बंधक बनाया. लगभग 800 फीट केबल लूटकर फरार हो गए, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

धनबाद. ईसीएल मुगमा क्षेत्र अंतर्गत हरियाजाम कोलियरी की बंद 5/6 नंबर भूमिगत खदान में शनिवार रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया. अपराधियों ने खदान में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और करीब 800 फीट केबल काटकर फरार हो गये. चोरी गये केबल की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बतायी जा रही है. घटना के बाद कोलियरी में उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग प्रभावित रही. कोलियरी प्रबंधन की ओर से निरसा थाना में शिकायत दर्ज करायी गयी है.

विज्ञापन

हथियार के बल पर कर्मियों को बनाया बंधक

बंधक बनाये गये कर्मियों संतोष हुसैन, कुर्बान मियां, श्यामापदो मोदी, जय मंगल राय और विवेक कुमार वर्मा के अनुसार, शनिवार रात करीब एक बजे 25 से 30 की संख्या में अपराधी पैदल आने-जाने वाले रास्ते का ताला तोड़कर खदान में घुस आये. अपराधियों ने पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, ओवरमैन समेत अन्य कर्मियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में लेकर एक स्थान पर बैठा दिया.

ये भी पढ़ें: कुसुंडा में तीन घंटे ठप रहा कोयला डिस्पैच, जानिए क्यों अचानक सड़कों पर उतरे असंगठित मजदूर

कर्मियों के अनुसार, अपराधियों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद अपराधियों का एक दल केबल काटने में जुट गया, जबकि करीब चार अपराधी हथियार लेकर कर्मियों की निगरानी करते रहे.

आठ पिलर से काटा करीब 800 फीट केबल

कर्मियों ने बताया कि अपराधियों ने खदान के अंदर करीब आठ पिलर से लगभग 800 फीट केबल काटा और उसे लेकर फरार हो गये. केबल चोरी होने के बाद कोलियरी का उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग प्रभावित हुई.

सभी अपराधियों ने चेहरे पर रुमाल और गमछा बांध रखा था. कर्मियों के मुताबिक उनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच थी. वे आपस में बंगाली और खोरठा भाषा में बातचीत कर रहे थे.

गश्ती दल पहुंचा, तब तक फरार हो चुके थे अपराधी

अपराधियों के जाने के बाद कर्मी खदान से बाहर निकले और घटना की जानकारी सुरक्षाकर्मियों को दी. सूचना मिलने पर क्षेत्रीय गश्ती दल भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. इसके बाद कोलियरी प्रबंधन को घटना की जानकारी दी गयी और निरसा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी.

पुलिस अब घटना की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

थाना प्रभारी ने कहा- जानकारी लेकर होगी कार्रवाई

निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: धनबाद के मैथन में सनसनी: देर रात स्कॉर्पियो में लगाई आग, पड़ोसियों के दरवाजे बंद कर भागे असामाजिक तत्व

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola