Dhanbad News : 1982 में पिता की मृत्यु हो गयी, आज तक बीसीसीएल ने सेवानिवृत्ति का लाभ नहीं दिया

उम्रदराज बेटी ने जनता दरबार में लगायी गुहार, एडीएम लॉ एंड आर्डर ने बीसीसीएल सीएमडी को लिखा पत्र
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के बलियापुर, गोविंदपुर, तोपचांची, झरिया सहित अन्य क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनी. इसमें गोविंदपुर महुबनी के सुंदर पहाड़ी से आयी एक वृद्ध महिला ने एडीएम को बताया कि उनके पिता भारत कोकिंग कॉल लिमिटेड (बीसीसीएल) में कार्यरत थे. उनकी मृत्यु वर्ष 1982 में हो गयी थी. कई दशक बीत जाने के बाद भी बीसीसीएल ने उनके स्वर्गवासी पिता का पीएफ, ग्रेच्युटी व सेवानिवृत्ति के अन्य लाभ का भुगतान नहीं किया है. महिला काफी उम्रदराज थी और स्पष्ट हिन्दी बोलने में असमर्थ थी. संथाली भाषा में एडीएम से शिकायत कर रही थी. उनकी बातों को अच्छे से समझने के लिए एडीएम ने संथाली भाषा बोलने वाले एक कर्मी को बुलाया. उसने महिला की सारी बातें संथाली भाषा में सुनी और महिला की पीड़ा एडीएम को बतायी. एडीएम ने तत्काल मामले पर संज्ञान लेते हुए बीसीसीएल के सीएमडी को पत्र लिखने और महिला की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
जमीन सीएनटी एक्ट की है, दलाल से पैसा वापस दिलायें सर :
एक महिला ने जमीन का मामला उठाया. कहा कि आमाघाटा लेमन चिल्ली होटल के पास जमीन दलाल से 2 डिसिमल जमीन खरीदी. जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई है. जमीन पर घर बनाने गयी, तब पता चला कि जमीन सीएनटी एक्ट की है. महिला ने बताया कि उन्होंने ऋण लेकर जमीन दलाल को भुगतान किया है. उन्होंने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगायी. जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, पीएम आवास की स्वीकृति प्रदान करने, ऑनलाइन पंजी 2 में नाम दर्ज कराने, भू-माफियाओं द्वारा रैयती जमीन पर जबरन कब्जा करने सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए. जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, जन शिकायत कोषांग के प्रधान लिपिक नंदकिशोर कुशवाहा भी मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




