धनबाद: धनसार वाटर टावर कार्यालय का बदल जाएगा लुक, पेयजल योजनाओं की निगरानी होगी आसान
धनसार वाटर टावर कार्यालय का बदल जाएगा लुक( AI Image)
धनसार वाटर टावर परिसर में स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के यांत्रिक उप प्रमंडल कार्यालय का कायाकल्प होने जा रहा है. करीब 9.33 लाख रुपये की लागत से इस नवीनीकरण का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्यों को और अधिक व्यवस्थित बनाना है. यह कार्य तीन महीने में पूरा होने की उम्मीद है.
धनबाद. धनसार वाटर टावर परिसर स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के यांत्रिक उप प्रमंडल (मैकेनिकल सब-डिवीजन) कार्यालय का नवीनीकरण किया जायेगा. इसके लिए विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है. करीब 9.33 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का उद्देश्य कार्यालय की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाना और विभागीय कार्यों को अधिक व्यवस्थित बनाना है. नवीनीकरण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा, जिससे पेयजल योजनाओं की निगरानी, तकनीकी समन्वय और रिकॉर्ड प्रबंधन में सुविधा होगी.
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का यह कार्यालय विभिन्न यांत्रिक और तकनीकी कार्यों के संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां से पेयजल आपूर्ति से जुड़ी मशीनरी की देखरेख, तकनीकी समस्याओं के समाधान और विभागीय योजनाओं की मॉनिटरिंग से संबंधित कार्य संचालित किये जाते हैं.
ये भी पढ़ें: बलियापुर में ज्वेलरी शॉप के बाहर छिनैती से सनसनी, पुलिस के पीछा करने के बाद भी झरिया की ओर भागे बाइक सवार
विभागीय कार्यों के संचालन में मिलेगी सुविधा
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्यालय के नवीनीकरण से कार्यस्थल की व्यवस्था बेहतर होगी. इससे जरूरी दस्तावेजों और अभिलेखों के रखरखाव में सुविधा होगी. साथ ही योजनाओं की समीक्षा, तकनीकी समन्वय और दैनिक प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में भी सुधार आने की उम्मीद है.
कार्यालय भवन के उन्नयन से कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
तीन माह में पूरा करना होगा कार्य
पेयजल एवं स्वच्छता यांत्रिकी प्रमंडल, धनबाद की ओर से जारी निविदा के अनुसार नवीनीकरण कार्य की प्राक्कलित लागत 9,33,284 रुपये निर्धारित की गयी है. चयनित संवेदक को कार्यादेश मिलने के बाद तीन माह के भीतर पूरा कार्य समाप्त करना होगा.
विभाग ने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि में काम पूरा करने की शर्त रखी है.
छह अक्तूबर को खोली जायेगी निविदा
नवीनीकरण कार्य के लिए पेयजल एवं स्वच्छता यांत्रिकी प्रमंडल, धनबाद ने अति अल्पकालीन निविदा आमंत्रण सूचना संख्या 05/2026-27 जारी की है. निविदा प्रपत्र पांच अक्तूबर की शाम पांच बजे तक प्राप्त किया जा सकेगा.
निविदा छह अक्तूबर को दोपहर तीन बजे तक जमा की जायेगी और उसी दिन शाम चार बजे कार्यपालक अभियंता कार्यालय में खोली जायेगी. निविदा में 1250 रुपये अग्रधन निर्धारित किया गया है.
धनबाद और दुमका कार्यालय से मिलेगा निविदा प्रपत्र
विभाग के अनुसार निविदा प्रपत्र धनबाद स्थित कार्यपालक अभियंता कार्यालय तथा दुमका स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है. निविदा जमा करने के दौरान निर्धारित मूल्य का बैंक ड्राफ्ट अथवा बैंकर्स चेक तकनीकी बीड के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा.
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि कार्यालय के नवीनीकरण से पेयजल आपूर्ति योजनाओं से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी तथा विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: बाघमारा की 3 पंचायतों में 45 दिनों में पहुंचेगा नल से जल, डीएमएफटी फंड से खर्च होंगे 3.47 करोड़ रुपये
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए