बलियापुर में ज्वेलरी शॉप के बाहर छिनैती से सनसनी, पुलिस के पीछा करने के बाद भी झरिया की ओर भागे बाइक सवार
घटना के बाद ज्वेलरी दुकान के बाहर जुटी भीड़
धनबाद के बलियापुर में एक ज्वेलरी शॉप से आभूषणों से भरा बैग लूट लिया गया. दुकान बंद करते समय दो बाइक सवार युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया और पुलिस के पीछा करने के बावजूद झरिया की ओर भाग निकले. पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है.
धनबाद. बलियापुर बाजार के हटिया रोड स्थित सोनी ज्वेलर्स के दुकानदार बैकुंठ ठाकुर से शनिवार शाम आभूषणों से भरा बैग छीनकर बाइक सवार दो अज्ञात युवक फरार हो गये. घटना शाम करीब 5:45 बजे की बतायी जा रही है. वारदात के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गयी. सूचना मिलने पर बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल सका था.
ये भी पढ़ें: VIDEO : धनबाद का चर्चित रंजय सिंह हत्याकांड: 338 तारीखें और 260 पन्नों का फैसला, जानें कोर्ट में क्या हुआ
दुकान बंद करने के दौरान वारदात
भुक्तभोगी दुकानदार के अनुसार, वह प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी दुकान में रखे आभूषणों को कपड़े के बैग में रखकर घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे. शाम करीब 5:45 बजे उन्होंने दुकान बंद करने के लिए आभूषणों से भरा बैग जमीन पर रखा और दुकान के गेट में ताला लगाने लगे.

इसी दौरान काला शर्ट-पैंट पहने एक युवक उनके पास पहुंचा और जमीन पर रखा आभूषणों से भरा बैग उठा लिया. इसके बाद वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर झरिया की ओर भागने लगा. दुकानदार ने शोर मचाते हुए दोनों को पकड़ने के लिए आसपास के लोगों से मदद मांगी.
भीड़ के बीच झरिया की ओर भागे
दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी बाइक सवार युवकों के पीछे दौड़े और उन्हें रोकने का प्रयास किया. हालांकि, दोनों युवक बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भीड़भाड़ वाले रास्ते से झरिया की ओर भाग निकले.

घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बाइक सवार युवकों का पीछा भी किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
आभूषणों की कीमत का आकलन जारी
घटना के बाद पुलिस ने दुकानदार से वारदात की जानकारी ली और बदमाशों के भागने की दिशा की जानकारी जुटायी. बैग में रखे आभूषणों की कुल कीमत कितनी थी, इसका स्पष्ट आकलन समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के हाथ लगने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में शामिल दोनों युवकों की पहचान क्या है और घटना में इस्तेमाल बाइक किसकी है.
ये भी पढ़ें: निरसा मुठभेड़ मामला: शूटर शिबू के ठिकाने से 1.5 करोड़ की ऑडी समेत 3 कारें जब्त, पुलिस जांच में बड़े खुलासे
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए