Dhanbad News : बाघमारा : दरिदा मौजा की विवादित जमीन की मापी शुरू

Dhanbad News : बाघमारा : दरिदा मौजा की विवादित जमीन की मापी शुरू
विधायक सरयू राय ने सदन में उठाया था अवमानना का मामलाधनबाद के सांसद पर लगाये हैं कई आरोप, 16.52 एकड़ सरकारी जमीन पर भी कब्जा का आरोप
Dhanbad News : बाघमारा अंचल सिंदवारटांड़ हीरक रोड स्थित दरिदा मौजा की विवादित बाउंड्रीवॉल के अंदर वरीय अधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को बाघमारा अंचल कार्यालय ने मापी शुरू करायी. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा बजट सत्र के दौरान अवमानना का मामला सदन में उठाये जाने के बाद जिला प्रशासन रेस हुआ है. इसी आलोक में आनन-फानन में जमीन मापी करायी गयी. इस जमीन को ले कर एक जन प्रतिनिधि पर आरोप लगते रहा है. जबकि ग्रामीण भी दो भाग में बंटे हुए हैं. एक पक्ष के ग्रामीण जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं. जबकि दूसरे पक्ष के ग्रामीण इस जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा रहे हैं.इससे पूर्व भी कई बार वरीय अधिकारियों ने जमीन मापी करायी थी. जमीन मापी अंचल के प्रभारी सीआई विनोद प्रसाद सिन्हा की उपस्थिति में करायी गयी. मापी के दौरान जिला के अपर समाहर्ता विनोद कुमार तथा बाघमारा अंचलाधिकारी बाल किशोर महतो पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने जमीन मापी को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. अंचलाधिकारी ने बताया कि सदन में विधायक सरयू राय द्वारा मामला उठाया गया था, उसी आलोक में चहारदीवारी की मापी कर उसमें सरकारी जमीन चिह्नित की जा रही है. यहां पर सूचना पट लगाया जायेगा. बताया कि उस जगह पर लगभग 16 .52 एकड सरकारी जमीन है. कहा कि बाउंड्रीवॉल किसकी है तथा किसके द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, उसकी भी जांच की जा रही है.
पहले भी सदन में उठ चुका है मामला, ग्रामीण भी करते रहे हैं आंदोलन
सनद रहे कि विधायक सरयू राय इस मामले को अब तक तीन बार सदन में मामला उठा चुके हैं. कोई पहल नहीं होने पर वर्तमान बजट सत्र के दौरान अवमानना का मामला उठाया गया. उन्होंने पिछले साल 25 अप्रैल तथा दो अगस्त को भी दबंगों द्वारा दरिदा तथा लेढ़ीडूमर की लगभग 200 एकड़ सरकारी जमीन को चहारदीवारी से घेरकर अवैध कब्जा करने का मामला उठाया था. ग्रामीणों ने भी जबरन जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिला पुलिस प्रशासन से लेकर राज्यपाल तक पत्राचार कर कब्जामुक्त कराने की मांग की थी. राज्यपाल सचिवालय से धनबाद के डीसी को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा गया है.
सांसद पर सरयू राय ने लगाया है आरोप
विधायक श्री राय ने राज्यपाल को लिखे पत्र में धनबाद के सांसद ढुलू महतो पर कई आरोप लगाये हैं. इसमें जबरन जमीन कब्जा कराने का भी आरोप है. दूसरी तरफ, इस मामले में सांसद ढुलू महतो से संपर्क करने की कोशिश की गयी. लेकिन, उनसे बात नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल पाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




