बेलगड़िया में खुलेगा जन औषधि केंद्र, जानें किसे मिलेगी प्राथमिकता और कौन कर सकता है आवेदन
जन औषधि की तस्वीर
झरिया विहार आवासीय कॉलोनी में जन औषधि केंद्र खुलने से स्थानीय लोगों को बाजार से सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध होंगी. जेआरडीए ने प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं.
धनबाद. झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) बेलगड़िया स्थित झरिया विहार आवासीय कॉलोनी में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी में जुट गया है. केंद्र के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी योग्य व्यक्ति, संस्था या संगठन को सौंपी जायेगी. इसके लिए जेआरडीए की ओर से प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं.
सस्ती दर पर उपलब्ध होंगी जरूरी दवाएं
जन औषधि केंद्र शुरू होने से बेलगड़िया पुनर्वास क्षेत्र में रहने वाले लोगों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. केंद्र का उद्देश्य आम लोगों को बाजार दर से सस्ती दवाएं उपलब्ध कराना है. इसके खुलने से विस्थापित परिवारों और आसपास के निवासियों की दूर-दराज के बाजारों या अस्पताल क्षेत्रों पर निर्भरता कम होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही दवाओं की सुविधा मिल सकेगी.
संचालन के लिए निर्धारित की गयी पात्रता
जेआरडीए की ओर से जारी शर्तों के अनुसार केंद्र संचालन के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास बी-फार्मा या डी-फार्मा की डिग्री होना अनिवार्य है. साथ ही राज्य फार्मेसी परिषद में वैध पंजीकरण भी जरूरी होगा. आवेदकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, पिछले छह माह का बैंक स्टेटमेंट तथा अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी. संस्था अथवा गैर-सरकारी संगठन की ओर से आवेदन किये जाने पर संबंधित पंजीकरण प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा.
विस्थापित परिवारों को मिलेगा प्राथमिकता का लाभ
चयन प्रक्रिया में बेलगड़िया आवासीय कॉलोनी में रहने वाले विस्थापित परिवारों के योग्य आवेदकों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है. इससे पुनर्वास क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है. प्राधिकरण का मानना है कि इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच भी बेहतर होगी.
नियमित संचालन और रखरखाव की होगी जिम्मेदारी
चयनित संचालक को केंद्र के नियमित संचालन, दवाओं की उपलब्धता और रखरखाव सुनिश्चित करना होगा. जेआरडीए प्राप्त प्रस्तावों की जांच के बाद पात्र आवेदक का चयन करेगा. निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने या केंद्र का नियमित संचालन बाधित होने की स्थिति में प्राधिकरण आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा.
जन औषधि केंद्र की स्थापना से बेलगड़िया पुनर्वास क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होने के साथ लोगों को सस्ती और सुलभ दवा सुविधा मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: खनन और खनिज गुणवत्ता आकलन के लिए आईआईटी आईएसएम में खास पहल, राइट्स के अधिकारियों ने सीखे तकनीकी पहलू
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए