Dhanbad News: अंतरराज्जीय गिरोह चोरी की घटनाओं को दे रहा था अंजाम, तीन गिरफ्तार

Dhanbad News: चिरकुंडा में कोलकर्मी के बंद आवास से चोरी का पुलिस ने किया खुलासा
Dhanbad News: चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल की लायकडीह डीप कोलियरी कॉलोनी में 22 अप्रैल को दिनदहाड़े कोलकर्मी किशोर कुमार सिंह के घर का ताला तोड़कर चोरी मामले में पुलिस ने पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया. मामले में गिरफ्तार तीनों युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने घर से चुराये गये सामानों को बरामद कर लिया है. गिरफ्तार युवकों में आफताब अंसारी उर्फ पकड़ू, सद्दाम अंसारी (दोनों जोड़ापोखर) तथा नसीम अंसारी (गिरमिट, शिरीपुर, आसनसोल) शामिल है. पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने 40-50 चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. एसडीपीओ रजत माणिक बाखला ने बताया कि अंतरराज्जीय गिरोह द्वारा इलाके में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था. छापेमारी टीम में चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, एसआइ अर्जुन कुमार सिंह, मुकेश कुमार, रॉबिन्सन मुंडरी, एएसआइ राजदेव राम, मनोज मरांडी, आरक्षी परिमल दत्ता व अन्य शामिल थे.
एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में मिली सफलता
निरसा एसडीपीओ रजत माणिक बाखला ने मैथन स्थित अपने कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 22 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस चिरकुंडा-पंचेत मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी क्रम में एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देख भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ा. उनलोगों के पास से रॉड व पेचकस बरामद किया गया. पूछताछ में उनलोगों ने कोलकर्मी किशोर कुमार सिंह के घर में चोरी की बात स्वीकारी. इसके बाद उनलोगों की निशानदेही पर घर से चुराये गये सामान बरामद किया गया. जांच में यह भी पता चला कि जिस बाइक से चोरों ने घटना को अंजाम दिया, वह बाइक बोकारो जिले के दुगदा थाना क्षेत्र से चुरायी गयी थी.
गिरफ्तार युवकों पर कई थानों में दर्ज हैं मामले, जा चुके हैं जेल
इस मामले में गिरफ्तार आफताब अंसारी पर 35, सद्दाम अंसारी पर 28 तथा नसीम अंसारी पर चार मामले दर्ज हैं. तीनों कई बार जेल जा चुके हैं. इनलोगों ने धनबाद, बोकारो व पुरुलिया जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. इनके खिलाफ सुदामडीह, झरिया, दुगदा, पाड़ा, रघुनाथपुर, पुरुलिया, बोकारो थर्मल, आइइएल, चंद्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी, जोड़ापोखर, बोर्रागढ़, झरिया, सिंदरी, चिरकुंडा सहित अन्य थानों में मामले दर्ज हैं. पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि वर्ष 2018 से ये लोग आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. पूछताछ में बताया कि ये लोग बाइक से आवासीय क्षेत्र में घूमते हैं और ताला लगे घर की निगरानी कर उसमें प्रवेश कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं.
ये सामान बरामद
सोना का टूटा हुआ गहना, चांदी के दो सिक्के, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछिया, चांदी की एक अंगूठी, लगभग तीन हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त रॉड व पेचकस तथा एक बाइक जेएच 10 एएस 6212 शामिल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




