आईआईटी आईएसएम में एक्सॉनमोबिल इंटर्नशिप ड्राइव 2026 आयोजित
आइआइटी आइएसएम में एक्सॉनमोबिल इंटर्नशिप ड्राइव | Prabhat Khabar Network
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने एक्सॉनमोबिल के साथ इंटर्नशिप ड्राइव 2026 का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 27 टीमों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए और छात्रों को उद्योग की जरूरतों व करियर अवसरों की जानकारी मिली।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) की ओर से रविवार को जीजेएलटी में एक्सॉनमोबिल इंटर्नशिप ड्राइव 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों, शोधार्थियों और एक्सॉनमोबिल के अधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान छात्रों को उद्योग जगत की जरूरतों, शोध की संभावनाओं और करियर अवसरों की जानकारी दी गयी.
तकनीकी मूल्यांकन के बाद 27 टीमों का हुआ चयन
पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता के लिए करीब 150 टीमों ने पंजीकरण कराया था, जबकि लगभग 100 टीमों ने अपनी प्रस्तुति जमा की. तकनीकी स्पष्टता, समस्या की समझ, कार्यप्रणाली, इंडस्ट्री से जुड़ाव और नवाचार के आधार पर मूल्यांकन के बाद 27 टीमों का चयन किया गया. इनमें प्री-फाइनल ईयर की 12 और फाइनल ईयर की 15 टीमें शामिल थीं.
विशेषज्ञों के पैनल के समक्ष प्रस्तुत किये प्रोजेक्ट
चयनित टीमों ने एक्सॉनमोबिल के अधिकारियों के पैनल के समक्ष अपने प्रोजेक्ट और शोध कार्यों की प्रस्तुति दी. प्रत्येक टीम को 12 मिनट का समय दिया गया था, जिसमें आठ मिनट प्रस्तुति और चार मिनट प्रश्नोत्तर सत्र के लिए निर्धारित थे. प्री-फाइनल ईयर की टीमों ने डिजिटल पोस्टर, जबकि फाइनल ईयर की टीमों ने प्रिंटेड पोस्टर के माध्यम से अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किये.
छात्रों को मिले रिसर्च और रोजगार के अवसरों की जानकारी
कार्यक्रम में आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, डीन करियर डेवलपमेंट प्रो. सौम्या सिंह, डीन सीईपी प्रो. केका ओझा समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक, विभागाध्यक्ष और छात्र उपस्थित थे. एक्सॉनमोबिल के अधिकारियों ने छात्रों के साथ तकनीकी विषयों, रिसर्च और इंडस्ट्री में उपलब्ध करियर अवसरों पर संवाद किया. कंपनी के सूचना केंद्र पर मास्टर और डॉक्टोरल छात्रों ने भी शोध एवं रोजगार से संबंधित संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की.
अकादमिक और उद्योग जगत के बीच सेतु बना आयोजन
आयोजकों के अनुसार इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों को समझने, अपने शोध कार्यों को प्रस्तुत करने और भविष्य की करियर संभावनाओं को तलाशने का अवसर प्रदान करते हैं. इंटर्नशिप ड्राइव के माध्यम से छात्रों को कॉर्पोरेट जगत से सीधे जुड़ने का मंच मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष कुमार
आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










