धनबाद के बरमसिया में होली के दिन दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में दो युवक घायल
अस्पताल में इलाज कराते धनबाद के बरमसिया में हुई गोलीबार में घायल दोनों युवक. फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad Violence: धनबाद के बरमसिया में होली के दिन दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में फायरिंग हुई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पैसे के विवाद से शुरू हुए इस मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
Dhanbad Violence: झारखंड में धनबाद जिले के बरमसिया में बुधवार की शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक गुट ने खुलेआम फायरिंग शुरू करदी. इस घटना में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान विष्णु शर्मा (30 वर्ष) और पुष्पक कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दाहिने जांघ और पेट में लगी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णु शर्मा को दाहिने जांघ में गोली लगी है, जबकि पुष्पक कुमार के पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पैसे के विवाद से शुरू हुआ मामला
घायल विष्णु शर्मा ने बताया कि उसका विकास लाला से लंबे समय से पैसे का लेनदेन चल रहा था. कुछ दिन पहले उसने बकाया राशि की मांग की थी, जिससे विकास लाला नाराज चल रहा था. इसी रंजिश के चलते बुधवार को विकास लाला अपने साथियों के साथ बरमसिया स्थित बदमाशियां मैदान पहुंचा और विष्णु शर्मा पर फायरिंग कर दी. गोली चलने के दौरान वहां मौजूद एक अन्य युवक पुष्पक कुमार भी इसकी चपेट में आ गया.
होली मनाने घर आया था छात्र पुष्पक
घायल पुष्पक कुमार दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है और होली के त्योहार को मनाने के लिए अपने घर बरमसिया दुर्गा मंडप के समीप आया हुआ था. बुधवार की शाम वह अपने दोस्तों के साथ बरमसिया मैदान में बैठा था, तभी अचानक हुई फायरिंग में उसे गोली लग गई. परिजनों के अनुसार पुष्पक का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही धनसार पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार इस घटना में शामिल कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के लोहरदगा में 6 और 7 मार्च को साहित्य-फिल्म महोत्सव, जिला प्रशासन का आयोजन
इलाके में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद बरमसिया इलाके में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है.
इसे भी पढ़ें: बारिश नहीं होने से झारखंड के गेहूं उत्पादक किसान परेशान, जयनगर में सिंचाई की सुविधा नहीं
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए