धनबाद में महिला ने बच्चे को सीने से लगाकर खुद को लगाई आग, फिर छत से कूदी; दोनों गंभीर
सांकेतिक फोटो
धनबाद के आजाद नगर में एक महिला ने अपने दस महीने के बेटे के साथ छत से कूदकर जान देने की कोशिश की. महिला ने खुद को आग के हवाले कर दिया था, जिसके बाद बच्चे को सीने से लगाए छत से छलांग लगा दी. दोनों की हालत गंभीर है.
धनबाद. भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर में बुधवार को एक महिला ने खुद को आग लगाने के बाद अपने दस माह के बेटे को साथ लेकर छत से छलांग लगा दी. घटना में महिला और उसका बच्चा गंभीर रूप से झुलस गये.

आग की लपटों के बीच महिला बच्चे को सीने से लगाये बगल में स्थित एक अधिवक्ता के कार्यालय की ओर कूद गयी. दोनों कार्यालय की करकट की सीट तोड़ते हुए अंदर रखी टेबल पर जा गिरे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और तत्काल असर्फी अस्पताल पहुंचाया. दोनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी इमामुल अंसारी की बहू और शाहबाज अंसारी उर्फ राजा की पत्नी सहाना खातून (23) बुधवार को अपने दस माह के बेटे फैजान के साथ घर की छत पर थी. इसी दौरान उसने बच्चे को गोद में लेकर खुद को आग के हवाले कर दिया.
इसके बाद बच्चे को सीने से लगाये छत से अधिवक्ता श्रीकांत वर्मा के कार्यालय की ओर छलांग लगा दी. दोनों के नीचे गिरने से कार्यालय की करकट की सीट टूट गयी और वे अंदर रखी टेबल पर जा गिरे. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला. आग से दोनों गंभीर रूप से झुलस गये थे. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें: रंगदारी मामले में ढुलू महतो समेत आरोपियों पर नहीं हो सका आरोप गठन, 21 सितंबर को अगली सुनवाई
जांच के बाद पता चलेगा कारण
घटना की सूचना मिलने पर भूली पुलिस भी मौके पर पहुंची. भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. ओपी प्रभारी ने बताया कि महिला और बच्चे के साथ हुई घटना की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि अभी घटना के कारण और परिस्थितियों की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पिता का आरोप, ससुराल में चल रहा था विवाद
घटना के बाद सहाना के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी का ससुराल में विवाद चल रहा था. घटना से एक दिन पहले भी सहाना और उसके पति शाहबाज अंसारी उर्फ राजा के बीच विवाद हुआ था. इसके अगले दिन यह घटना हुई.
उन्होंने बताया कि घटना के समय उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान घर में उनके दामाद राजा और उनकी मां के मौजूद होने की बात सामने आयी थी. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है.
पति ने कहा घर पर कोई नहीं था मौजूद
सहाना के पति शाहबाज अंसारी उर्फ राजा ने ससुराल पक्ष के आरोपों से इनकार किया है. राजा ने कहा कि घटना के समय वह घर में मौजूद नहीं था. उसके अनुसार, उसके माता-पिता भी उस वक्त घर पर नहीं थे.
ये भी पढ़ें: कोल इंडिया के अधिकारियों को कोयला मंत्रालय में पोस्टिंग का मौका, 17 सितंबर तक मांगे आवेदन
वह बरवाअड्डा सामान लाने गया था. वापस लौटने पर घर के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ देखी. इसके बाद उसे घटना की जानकारी मिली. परिवार और आसपास के लोगों की मदद से पत्नी सहाना और बेटे फैजान को तत्काल असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए