धनबाद: बारिश के बीच बढ़े सर्पदंश के मामले, एसएनएमएमसीएच में 5 घंटे में पहुंचे 21 लोग
अस्पताल में लोगों की भीड़
धनबाद और आसपास के इलाकों में बारिश के बाद सांप निकलने की घटनाओं में इजाफा हुआ है. बुधवार को एसएनएमएमसीएच की इमरजेंसी में मात्र पांच घंटे में सर्पदंश के 21 मरीज पहुंचे. अस्पताल ने सभी का तत्काल उपचार शुरू कर दिया है.
विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
आपके शहर में
Dhanbad Snake Bite News: लगातार हो रही बारिश के बीच सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. इसका असर बुधवार को एसएनएमएमसीएच की इमरजेंसी में देखने को मिला. सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक महज पांच घंटे में सर्पदंश के 21 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे. एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से इमरजेंसी में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा, हालांकि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया.
धनबाद और आसपास के इलाकों से पहुंचे मरीज
सर्पदंश के शिकार मरीज धनबाद और आसपास के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे. इनमें दहुआटाड़ निवासी डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची मुस्कान भी शामिल है, जिसे सांप काटने के बाद परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे. इनके अलावा फोटो मुर्मू टुंडी, राजकिशोर हांदसा व राजेश महतो बलियापुर, कन्हैया कुमार बरवाअड्डा, सुनीता देवी नॉर्थ तीसरा, चंदन बास्की हीरापुर, रत्नेश्वर कुंभकार मर्डर कॉलोनी समेत अन्य शामिल है.
मरीजों का शुरू किया गया इलाज
सभी मरीजों की जांच कर जरूरत के अनुसार एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) समेत अन्य आवश्यक दवाएं दीं. गंभीर मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. चिकित्सकों ने बताया कि बारिश के मौसम में खेतों, झाड़ियों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और घरों के आसपास सांप अधिक निकलते हैं. ऐसे में सर्पदंश की घटनाओं में अचानक वृद्धि हो जाती है. लोगों से अपील की गई है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय बिना देर किए मरीज को अस्पताल पहुंचाएं, क्योंकि समय पर एंटी स्नेक वेनम मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है. साथ ही खेतों में काम करते समय जूते पहनने, रात में टॉर्च का उपयोग करने और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह भी दी गई है.
ये भी पढ़ें: वृद्धा पेंशन पर बैंक की लापरवाही से बुजुर्ग की मौत; CM हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान, कड़ी कार्रवाई का निर्देश
ये भी पढ़ें: Jharkhand Weather: अगले 4 दिनों तक झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश, तेज हवा का येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें: हाईवे पर दिनदहाड़े युवतिओं की कार पर हमला, स्कॉर्पियो सवार सनकियों ने पीछा कर तोड़ा शीशा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए