Dhanbad News: धमकी से घबरायें नहीं, पुलिस को दें सूचना : एसएसपी

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 11 Apr 2026 1:12 AM

विज्ञापन

Dhanbad News: मासिक अपराध समीक्षा बैठक में विभिन्न मामलों पर चर्चा, सीबीआई के साथ पुलिस ने बनायी रणनीति.

विज्ञापन

धनबाद, समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में शुक्रवार को एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मार्च माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई. इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी.

एसएसपी ने आम नागरिकों व व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि रंगदारी मांगने या धमकी देनेवालों से डरने की जरूरत नहीं है. किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें. अपराधियों को किसी भी परिस्थिति में बढ़ावा न दें. विभिन्न गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है. कई अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. जो भगोड़े अपराधी देश से बाहर फरार हैं, उनके प्रत्यार्पण के लिए भी सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को सीबीआई के अधिकारियों के साथ एक बैठक की गयी, जिसमें आपसी समन्वय और कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा हुई.

दर्ज मामलों से अधिक का हुआ निष्पादन

एसएसपी ने बताया कि मार्च माह में कुल 337 आपराधिक कांड दर्ज किए गये, जबकि 410 मामलों का निष्पादन किया गया. इस तरह दर्ज मामलों से 73 अधिक मामलों का निपटारा कर धनबाद पुलिस ने बेहतर कार्यक्षमता का परिचय दिया. लंबित मामलों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है. पिछले वर्ष मई में जहां लंबित कांडों की संख्या लगभग 4300 थी, वहीं अब यह घटकर 1935 रह गयी है. एसएसपी ने इसे लगातार मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और समयबद्ध कार्रवाई का परिणाम बताया. अप्रैल माह के लिए भी सख्त लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं. एसएसपी ने निर्देश दिया कि इस महीने कम से कम 50 प्रतिशत लंबित वारंटों का निष्पादन हर हाल में किया जाए. साथ ही लगभग एक हजार लंबित यूडी केस में से 500 मामलों के निपटारे का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अपराधियों को सख्त चेतावनी

एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अपराध करने की मंशा रखते हैं, उनके लिए बेहतर होगा कि वे धनबाद जिले की सीमा से दूर रहें. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने या समाज में अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी. बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा के साथ सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी के साथ अन्य शाखा के पदाधिकारी भी मौजूद थे.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola