धनबाद में देर रात मीट दुकान में घुसे हथियारबंद बदमाश, CCTV में कैद हुई ढाई लाख की दुस्साहसिक वारदात
दुकान के बाहर खड़ा पीड़ित
धनबाद में नावाडीह स्थित मीट दुकान पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया. बदमाशों ने कर्मचारियों को धमकाकर गोदाम से 17 बकरे चुरा लिए, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
धनबाद. नावाडी स्थित विनोद बिहारी चौक के पास एक झटका मीट दुकान में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर 17 खस्सी ले जाने की घटना को अंजाम दिया. घटना रात करीब दो बजे की बतायी जा रही है. बदमाशों ने दुकान में मौजूद दो कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और गोदाम से खस्सी निकालकर वाहन में लाद लिया. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
दुकान संचालक नारायण मंडल के अनुसार, घटना के समय दुकान के दो कर्मचारी अंदर सो रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग दुकान परिसर में पहुंचे और कर्मचारियों को चापड़ दिखाकर चुप रहने की धमकी दी. कर्मचारियों के विरोध नहीं करने पर बदमाश गोदाम तक पहुंचे और वहां रखे 17 खस्सी निकालकर अपने साथ ले गये.
ये भी पढ़ें: अब डिजिटल हस्ताक्षर से ही होंगे अधिकांश वित्तीय काम, विभागों को मेकर-चेकर बनाने का निर्देश
कर्मचारियों को दी जान से मारने की धमकी
दुकान संचालक के अनुसार, बदमाशों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी थी. इसके कारण कर्मचारी भयवश उनका विरोध नहीं कर सके. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वाहन पर खस्सी लादकर फरार हो गये.
घटना के बाद कर्मचारियों ने दुकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आयी है. पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के मार्ग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना में इस्तेमाल वाहन और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का दावा
दुकान मालिक नारायण मंडल ने बताया कि चोरी गये 17 खस्सियों की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है. उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. घटना में शामिल लोगों की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: धनबाद की बहू डॉ. ईशा मेधा ने BRICS महिला उद्यमिता प्रतियोगिता 2026 में जीता दूसरा उपविजेता सम्मान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए