13 वर्षीय किशोर की मौत का मामला सोशल मीडिया पर गरमाया, सीएम ने दिए जांच के निर्देश
एक्स पर पोस्ट और एक्शन की क्लिप | Prabhat Khabar Network
13 वर्षीय किशोर की मौत पर सीएम हेमंत सोरेन ने देवघर पुलिस को जांच का आदेश दिया. पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया, लेकिन परिजनों ने उठाए मुख्य आरोपी पर सवाल.
देवघर : जसीडीह थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर से कथित मारपीट और उसकी मौत का मामला अब सोशल मीडिया एक्स के जरिये तूल पकड़ता जा रहा है. पीड़ित परिवार की ओर से सुरभि केसरी ने एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से न्याय की गुहार लगायी. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि उनके 13 वर्षीय भाई को बेरहमी से मार डाला गया, लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया. परिजन ने इलाके में ड्रग्स का कारोबार चलने और मदद नहीं मिलने का भी आरोप लगाया.
आपके शहर में

सीएम ने लिया संज्ञान
पीड़ित परिवार की एक्स पोस्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया. उन्होंने एक्स पर देवघर पुलिस को टैग करते हुए मामले की गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई करने और इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया. सीएम ने पोस्ट में झारखंड पुलिस और डीसी देवघर को भी टैग किया.
पुलिस ने बतायी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद देवघर पुलिस ने भी एक्स पर जवाब देते हुए मामले में की गयी कार्रवाई की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार जसीडीह थाना कांड संख्या 247/2026, दिनांक 23 जुलाई 2026 को धारा 103(1) एवं 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है. अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य अभियुक्त अंकित राज एवं अहिर मुखर्जी उर्फ अभिर्भव मुखर्जी को गिरफ्तार किये जाने की जानकारी पुलिस ने दी.
परिजनों ने फिर उठाये सवाल
पुलिस की ओर से एक्स पर कार्रवाई की जानकारी दिये जाने के बाद भी पीड़ित परिवार का सवाल खत्म नहीं हुआ. सुरभि केसरी ने दोबारा एक्स पर पोस्ट कर झारखंड पुलिस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीआइजी दुमका, डीसी देवघर समेत अन्य को टैग किया. उन्होंने जसीडीह थाना कांड संख्या 247/2026 का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी संस्थान निदेशक कृष्ण मुखर्जी को थाना स्तर पर पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.
निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने एक्स पर सवाल उठाया कि मुख्य आरोपी कृष्ण मुखर्जी को किस कानूनी प्रावधान के तहत थाना स्तर पर पीआर बॉन्ड पर जमानत दी गयी. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गयी है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस की कार्रवाई और मुख्य आरोपी को पीआर बॉन्ड पर छोड़े जाने के आरोप के बीच उठे सवालों पर पुलिस के विस्तृत स्पष्टीकरण का इंतजार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए