मधुमक्खी काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, काउंटर केस दर्ज

मधुमक्खी विवाद ने लिया हिंसक रूप: ढीबा गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट, दो घायल
सारठ बाजार. पथरड्डा ओपी क्षेत्र अंतर्गत ढीबा गांव में मधुमक्खी के काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया. इस घटना में दो लोग घायल हो गये. इसको लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए पथरड्डा ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दरअसल, एक पक्ष के अमृत मंडल ने दर्ज शिकायत में बताया कि एक युवक को मधुमक्खी ने काट लिया था. इसी दौरान पीड़ित के पिता यादु मंडल मौके पर पहुंचे थे. उसी समय पथ्रोल थाना क्षेत्र के ठेंगाडीह गांव निवासी निखिल मंडल ने उन पर मधुमक्खी उड़ाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोप है कि तारकेश्वर मंडल, निखिल मंडल, उनके भाई शिवम साहिल समेत पांच लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट कर दी, जिससे लोग घायल हो गए. वहीं दूसरे पक्ष के तारकेश्वर मंडल ने भी आरोप लगाया है कि मधुमक्खी काटने के दौरान युवक को बचाने को लेकर उनके पुत्र निखिल के साथ यादु मंडल और उनके पुत्र अमृत मंडल ने गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी और अन्य पुत्रों के साथ भी मारपीट की गयी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




