दो किशोरों की मौत की गुत्थी एक माह 22 दिन बाद भी नहीं सुलझी, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कुंडा थाना क्षेत्र में 70 दिन पहले दो किशोरों के शव मिलने का मामला अब तक अनसुलझा है. पुलिस फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रही है, जबकि परिजन इंसाफ की आस लगाए बैठे हैं. घटना की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई है.

विज्ञापन

देवघर. कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह तितमो गांव के दो किशोरों की मौत की गुत्थी एक माह 22 दिन बाद भी नहीं सुलझ सकी है. मामले में पुलिस अब भी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रविवार को एक मृत किशोर के परिजन कुंडा थाना पहुंचे और पुलिस से कांड की प्रगति के बारे में जानकारी ली. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन

रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला की दो सदस्यीय टीम 11 और 12 सितंबर को देवघर पहुंची थी. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया था. दोनों मृतकों के परिजनों और कुंडा थाना पुलिस के साथ टीम ईंट-भट्ठे के समीप स्थित उस गड्ढे तक पहुंची थी, जहां 28 जुलाई को पानी में दोनों किशोरों के शव बरामद हुए थे. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर रहकर घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली थी. इसके बाद पूरे स्थान का बिंदुवार निरीक्षण किया गया. टीम ने घटनास्थल की कुछ तस्वीरें भी तैयार की और उन्हें अपने साथ ले गयी.

जांच के दौरान पुलिस ने चिरधनियां के आठ लड़कों को भी घटनास्थल पर बुलाया था. फॉरेंसिक टीम के दोनों सदस्यों ने उनसे काफी देर तक पूछताछ की और घटना से पहले व बाद की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली. इसके अलावा दोनों मृतकों के माता-पिता, चाचा-चाची समेत करीब 10 परिजनों से भी अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की गयी. कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार और कांड के आइओ एसआइ शामू बांदो से भी टीम ने घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली थी. फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण के सात दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है.

28 जुलाई को गड्ढे से मिले थे दोनों के शव

जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे कृष्णमुरारी (14) अपने साथी अरविंद कुमार दास (16) के साथ तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला था. शाम छह बजे तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसके बाद ईंट-भट्ठे के समीप पानी से भरे गड्ढे से दोनों के शव बरामद हुए थे.

मृतक कृष्णमुरारी के पिता राजीव कुमार गुप्ता ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया गया है. घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल फोन और अरविंद की साइकिल नहीं मिली थी. इसी आधार पर परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने की आशंका जतायी है. पुलिस फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola