सोनारायठाढ़ी : मकरा पहाड़ की तलहटी में अधजली महिला का शव मिलने से सनसनी
पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा देवघर, हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका
सोनारायठाढ़ी. थाना क्षेत्र की बिंझा पंचायत स्थित सोल कतहरा गांव के पास मकरा पहाड़ की तलहटी में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आयी. स्थानीय लोगों ने पहाड़ के पास धुआं उठता देखा. संदेह होने पर जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां एक अधजली महिला का शव पड़ा मिला. यह दृश्य देख ग्रामीणों में भय और अफरा-तफरी फैल गयी. घटना की सूचना तुरंत सोनारायठाढ़ी थाना को दी गयी. सूचना पाकर थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी, एएसआई राजू उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. पुलिस ने बताया कि महिला का शरीर बुरी तरह जला हुआ था, केवल पैर का कुछ हिस्सा ही सुरक्षित बचा था. महिला की मांग में सिंदूर था और गले में कपड़ा बंधा हुआ मिला, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह विवाहित थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रमाकांत रजक, एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह और देवघर से आयी अनुसंधान टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया गया. वहीं, प्राथमिक जांच में पुलिस ने महिला की उम्र करीब 24 वर्ष बतायी है. अधिकारियों का मानना है कि महिला की हत्या कहीं और की गयी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर जलाया गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं फैल गयी हैं. वहीं, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कलीम अंसारी, आलम अंसारी, प्रिंस अंसारी सहित कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान के लिए प्रयास किए गए, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए