SMS-WhatsApp पर मिलेगी PM विद्यालक्ष्मी योजना की जानकारी,12वीं के बाद पढ़ाई का खर्च होगा आसान
प्रतीकात्मक तस्वीर.
12वीं पास पात्र विद्यार्थियों को PM विद्यालक्ष्मी योजना की जानकारी SMS, WhatsApp और ई-मेल से दी जाएगी. शिक्षा ऋण और ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलेगा.
वरीय संवाददाता, देवघर: उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पीएम विद्यालक्ष्मी योजना की जानकारी देने के लिए केंद्र सरकार ने जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है. इसके तहत उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों को SMS, WhatsApp और ई-मेल के माध्यम से योजना की जानकारी दी जाएगी.
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्चतर शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है. मंत्रालय ने सितंबर से जागरूकता अभियान शुरू करने और विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया है.
बिना गारंटी के मिल सकेगा शिक्षा ऋण
पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के तहत भारत के गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा संस्थानों में योग्यता के आधार पर प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को बिना किसी गिरवी या गारंटी के शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है.
योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण तक पहुंच आसान बनाना है.
28 लाख तक की पारिवारिक आय पर ब्याज सब्सिडी
योजना के तहत 28 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले विद्यार्थी 10 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी के पात्र हैं.
वहीं, पीएम-यूएसपी केंद्रीय क्षेत्र ब्याज सब्सिडी योजना के तहत 24.5 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले विद्यार्थियों को 10 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण पर पूर्ण ब्याज सब्सिडी का प्रावधान है.
सितंबर से शुरू होगा जागरूकता अभियान
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने सितंबर में अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है. इसके तहत 12वीं की पढ़ाई पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों तक SMS, WhatsApp और ई-मेल के माध्यम से योजना से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जाएगी.
मंत्रालय के निर्देश के अनुसार अप्रैल 2027 में 12वीं की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को दोबारा संदेश भेजे जाएंगे, ताकि उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को योजना की जानकारी मिल सके.
अभियान के बाद देनी होगी SMS की जानकारी
जागरूकता अभियान पूरा होने के बाद संबंधित विभाग को भेजे गए SMS की संख्या की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी. इसका उद्देश्य अभियान के तहत विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने की प्रक्रिया की निगरानी करना है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए