देवघर Airport पर यात्री सुविधाओं की जांच, पार्किंग शुल्क से सीटिंग तक हुआ सत्यापन
अभियान के तहत एयरपोर्ट पर चल रहा है जागरूकता कार्यक्रम. | Prabhat Khabar Network
देवघर एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान-2026 के तहत पार्किंग शुल्क, यातायात व्यवस्था, सीटिंग, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की जांच की गयी.
संवाददाता, देवघर: देवघर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'यात्री सेवा अभियान-2026' के तहत यात्री-केंद्रित गतिविधियां जारी हैं. अभियान के तहत पार्किंग, संपर्क सुविधा, सुगम आगमन-प्रस्थान और यात्रियों के लिए पर्याप्त व आरामदायक बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया.
अभियान के तहत एयरपोर्ट परिसर में यात्री सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण और सत्यापन किया गया. इस दौरान पार्किंग शुल्क, प्रवेश-निकास मार्ग, यातायात अनुशासन, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता समेत कई बिंदुओं की समीक्षा की गयी.
निर्धारित दर के अनुसार पार्किंग शुल्क की जांच
पार्किंग व्यवस्था की जांच के दौरान पार्किंग शुल्क के प्रदर्शन और निर्धारित दर के अनुसार वसूली का सत्यापन किया गया. इसके साथ ही पार्किंग, टैक्सी और बस से यात्रियों के उतरने-चढ़ने वाले क्षेत्रों तक पहुंच की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण किया गया.
इस दौरान यात्रियों को होने वाली संभावित परेशानियों और आवागमन में आने वाली अड़चनों की पहचान कर व्यवस्था को सुगम बनाने पर जोर दिया गया.
प्रवेश-निकास मार्गों पर लेन अनुशासन की समीक्षा
एयरपोर्ट के प्रवेश और निकास मार्गों पर लेन अनुशासन और यातायात संकेतकों की समीक्षा की गयी. यात्रियों की सुविधा और सुचारु यातायात के लिए यातायात सहायकों की तैनाती सुनिश्चित की गयी.
एयरपोर्ट परिसर को अनधिकृत एजेंटों और दलालों से मुक्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि यात्रियों को आवागमन के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग यात्रियों के लिए सीटों की जांच
टर्मिनल भवन में यात्रियों के लिए उपलब्ध बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान सीटों की संख्या, उनकी स्थिति और स्थान की समीक्षा की गयी.
खराब कुर्सियों की मरम्मत या उन्हें हटाने की कार्रवाई के साथ वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए प्राथमिकता वाली सीटों की उपलब्धता भी देखी गयी.
इसके अलावा यात्रियों के लिए उपलब्ध मोबाइल चार्जिंग केंद्रों और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की गयी. सामान्य और व्यस्त समय में बैठने की पर्याप्तता का आकलन करते हुए यात्रियों से सुझाव भी लिये गये.

स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
'स्वच्छता ही सेवा-2026' के तहत एयरपोर्ट परिसर में चिह्नित कचरा संवेदनशील स्थलों की समयबद्ध सफाई, कचरा हटाने और सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया गया.
स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ यात्रियों और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वच्छता जागरूकता अभियान, छायाचित्र और सामाजिक माध्यमों के जरिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया गया.
अभियान के तहत एयरपोर्ट परिसर में यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों के लिए सुगम और परेशानी रहित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए