फर्जी कस्टमर केयर बनकर कर रहे थे ऑनलाइन ठगी, देवघर में चार गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों के साथ साइबर थाना की पुलिस. | Prabhat Khabar Network
देवघर में पुलिस ने चार साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 7 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद हुए. फर्जी कस्टमर केयर और योजनाओं के नाम पर ठगी का आरोप है.
देवघर: एसपी प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने 20 सितंबर को चार साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने यह कार्रवाई की.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किये हैं.
फ्लिपकार्ट-अमेजन के कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी तथा Google Pay और PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.
इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी किये जाने की सूचना पुलिस को मिली थी.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
सात मोबाइल और छह सिम कार्ड बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किये हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पायी गयी है.
गिरफ्तार आरोपियों में मधुपुर थाना क्षेत्र के लखनुवा गांव निवासी मन्टु दास, उपेन्द्र कुमार दास और देवानन्द दास तथा देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलौना गांव निवासी अंशु कुमार दास शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंशु कुमार दास का पहले से आपराधिक इतिहास है. वह पूर्व में साइबर थाना, देवघर कांड संख्या 65/2025 में आरोप-पत्रित हो चुका है.
इस मामले में पुलिस आगे भी बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच कर रही है.
साइबर थाना और देवीपुर पुलिस की टीम रही शामिल
छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेन्द्र कुमार मंडल के अलावा साइबर थाना और देवीपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी. पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है और बरामद उपकरणों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए