दो किशोरों की मौत की जांच फिर तेज, तीन संदिग्धों से पूछताछ; फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
देवघर में दो किशोरों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जो मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित होगी. परिजनों ने भी पुलिस से मामले की प्रगति जानी.
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह तितमो गांव के दो किशोरों की मौत के मामले में पुलिस ने एक बार फिर तीन संदिग्धों को थाना लाकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि, पूछताछ में अब तक पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस फिलहाल रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में सामने आये साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
परिजनों ने ली जांच की जानकारी
रविवार को एक मृत किशोर के परिजन कुंडा थाना पहुंचे और पुलिस से मामले की प्रगति की जानकारी ली. पुलिस ने परिजनों को बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जायेगा.
घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी टीम
11 और 12 सितंबर को रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला की दो सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था. दोनों मृतकों के परिजनों और कुंडा थाना पुलिस के साथ टीम ईंट-भट्ठे के समीप स्थित उस गड्ढे तक पहुंची थी, जहां 28 जुलाई को पानी में दोनों किशोरों के शव बरामद हुए थे.
फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर रहकर घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली थी. इसके बाद पूरे स्थान का बिंदुवार निरीक्षण किया गया. टीम ने घटनास्थल की कुछ तस्वीरें भी तैयार की और उन्हें अपने साथ ले गयी.
आठ लड़कों और परिजनों से पूछताछ
फॉरेंसिक टीम ने आठ लड़कों को भी घटनास्थल पर बुलाकर पूछताछ की थी. इसके अलावा दोनों मृतकों के माता-पिता, चाचा-चाची समेत करीब 10 परिजनों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की गयी थी.
कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार और कांड के आइओ एसआइ शामू बांदो से भी फॉरेंसिक टीम ने घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली थी. टीम के निरीक्षण के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को रिपोर्ट नहीं मिली है.
28 जुलाई को मिले थे दोनों के शव
बताते चलें कि 28 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे कृष्णमुरारी (14) अपने साथी अरविंद कुमार दास (16) के साथ तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में ईंट-भट्ठे के समीप पानी से भरे गड्ढे से दोनों के शव बरामद हुए थे.
मृतक कृष्णमुरारी के पिता राजीव कुमार गुप्ता ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया गया है.
मोबाइल और साइकिल भी नहीं मिली
घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल फोन और अरविंद की साइकिल भी नहीं मिली थी. फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए