पति पनीर लेने क्या रुके, बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटकर हो गए फरार
AI-generated काल्पनिक तस्वीर
देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर एक महिला से 15 ग्राम सोने की चेन लूट ली गई. पति के थोड़ी देर के लिए रुकते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है.
देवघर : देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर नगर थानांतर्गत करनीबाग प्रभाती के समीप रविवार की शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से 15 ग्राम सोने की चेन झपट ली. वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से तेज गति में जमुनाजोर पुल की तरफ भाग निकले.
बताया जाता है कि कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी दुलमपुर श्रीराम नगर मुहल्ला निवासी पूजा कुमारी अपने पति अमित कुमार के साथ बाजार से लौट रही थी. पुराने बस स्टैंड के समीप दोनों एक दुकान पर मोबाइल बनवाने के लिए रुके थे. दुकान से निकलने के बाद बाइक सवार दो बदमाश उनका पीछा करने लगे.
पति पनीर खरीदने रुके, तभी झपटी चेन
करनीबाग प्रभाती के समीप अमित ने बाइक रोकी और सामने स्थित मिठाई दुकान से पनीर खरीदने चले गये. पूजा बाइक के पास ही रुकी हुई थी. इसी दौरान पीछे से दोनों बदमाश बाइक से वहां पहुंचे. चालक ने बाइक पीछे की ओर मोड़ी और साथ बैठे बदमाश ने पीछे से पूजा के गले से सोने की चेन झपट ली.
चेन झपटते ही बाइक से भाग निकले बदमाश
चेन झपटने के बाद बदमाश दोबारा बाइक पर बैठ गया. इसके बाद दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए पीछे की ओर जमुनाजोर बस स्टैंड की तरफ भाग निकले. बदमाशों के भागने के बाद पूजा के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक दोनों फरार हो चुके थे.
डायल 112 पर दी सूचना, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए