चितरा-खागा में अवैध कोयला डिपो संचालन की हो उच्चस्तरीय जांच : रणधीर सिंह
पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह | Prabhat Khabar Network
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने चितरा और खागा क्षेत्रों में अवैध कोयला डिपो संचालित होने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कोयले के बड़े पैमाने पर भंडारण और खरीद-बिक्री की निष्पक्ष जांच की मांग की है. कोलियरी प्रबंधन से लेकर पुलिस तक की भूमिका की भी जांच कराने की बात कही गई है.
बड़े पैमाने पर भंडारण व खरीद-बिक्री की सूचना, संबंधित एजेंसियों की भूमिका भी हो जांच
चितरा और खागा थाना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर पूर्व मंत्री सह भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने कई गंभीर सवाल उठाये हैं. उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कथित रूप से अवैध कोयला डिपो संचालित होने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पूर्व मंत्री श्री सिंह के अनुसार, इन स्थानों पर बड़े पैमाने पर कोयले के भंडारण और खरीद-बिक्री की बात सामने आ रही है.
पूर्व मंत्री ने कहा कि खागा थाना क्षेत्र के मालोडीह, रंगामटिया समेत अन्य स्थानों तथा चितरा थाना क्षेत्र के गांजामोड़, कटहरा, कुरा आदि गांवों के सुनसान इलाकों में कथित रूप से कोयला डिपो संचालित किये जाने की सूचना है. उन्होंने आरोप लगाया कि इन जगहों से रात के समय ट्रकों में कोयला लोड कर बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में भेजे जाने की बात सामने आ रही है.
कोलियरी प्रबंधन से पुलिस तक की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच हो
पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि इतने बड़े स्तर पर अवैध कोयला कारोबार संचालित होने की बात है, तो इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है. उन्होंने चितरा कोलियरी प्रबंधन, सीआइएसएफ, ईसीएल के सिक्योरिटी विभाग और संबंधित थाना पुलिस की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
डिपो चिह्नित कर कारोबार पर रोक लगाने की मांग
पूर्व मंत्री ने प्रशासन से चितरा-खागा क्षेत्र में संचालित कथित अवैध कोयला डिपो की पहचान कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए