मधुपुर में सखी वन स्टॉप सेंटर शुरू, हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक छत के नीचे मिलेगी हर मदद
उदघाटन करते एसडीओ राजीव कुमार | Prabhat Khabar Network
मधुपुर में मिशन शक्ति के तहत सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन हुआ. अब हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा, कानूनी, पुलिस, मनोवैज्ञानिक सहायता और अस्थायी आश्रय की सुविधा मिलेगी.
मधुपुर : अनुमंडल अस्पताल परिसर में बुधवार को मिशन शक्ति के तहत सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन एसडीओ राजीव कुमार ने किया. मौके पर एसडीओ ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर एक अप्रैल 2015 से संचालित है. झारखंड के सभी जिलों में इस तरह के केंद्र का संचालन सरकार द्वारा किया जा रहा है. देवघर जिले में पूर्व से एक केंद्र संचालित है और मधुपुर में भी एक केंद्र का होना समाज कल्याण विभाग की अच्छी पहल है.
उन्होंने कहा कि अब आसपास के क्षेत्र से किसी भी तरह से हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. विभाग के साथ गणमान्य लोग एवं आम जनता मिलकर इस केंद्र का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करेंगे. हिंसा से पीड़ित या संकट में फंसी महिलाओं को चिकित्सीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और पुलिस सहायता जैसी सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेवारी होगी.
एक ही केंद्र पर मिलेगी परामर्श से लेकर कानूनी सहायता
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना ने सखी वन स्टॉप सेंटर के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एकीकृत सहायता प्रदान करना ही इस केंद्र के संचालन का मुख्य उद्देश्य है. इस केंद्र के शुरू होने से महिलाओं को न्याय और सहायता पाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. केंद्र के माध्यम से महिलाओं को परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी.
उद्घाटन में अधिकारी और आंगनबाड़ी सेविकाएं रहीं मौजूद
मौके पर बीडीओ अजय कुमार दास, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शाहिद, समाज कल्याण विभाग के प्रधान सहायक रतन मिश्रा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीतू कुमारी, लोक जागृति केंद्र के सचिव अरविंद कुमार, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव महेंद्र घोष, महिला पर्यवेक्षिका निवेदिता नटराज, प्रियंका कुमारी, सलोन्ति हेंब्रम, परियोजना के अजय पाठक, टिंकु कुमार समेत आंगनबाड़ी सेविका मौजूद थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










