प्रोसीडिंग में छेड़छाड़ के आरोप पर नगर परिषद की बैठक में हंगामा, अध्यक्ष के बाहर निकलते ही बैठक स्थगित
बैठक में उपस्थित नप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षद | Prabhat Khabar Network
मधुपुर नगर परिषद की बैठक में प्रोसीडिंग से छेड़छाड़ के आरोप पर पार्षदों ने किया हंगामा, विकास एजेंडा पर चर्चा नहीं हो सकी और बैठक स्थगित कर दी गई.
मधुपुर : नगर परिषद कार्यालय सभागार में बुधवार को बोर्ड की मासिक बैठक नप अध्यक्ष दरक्शां परवीन की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में नप उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज समेत कई वार्ड पार्षदों ने पिछली बैठक के प्रोसीडिंग में छेड़छाड़ का आरोप प्रधान सहायक पर लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. साथ ही उनपर गलत व्यवहार किये जाने का आरोप लगाया. बताया जाता है कि इसके बाद प्रधान सहायक ने खेद व्यक्त किया, लेकिन आपसी तकरार के कारण विकास एजेंडा पर चर्चा नहीं हो पाया.
मांग पर अड़े रहे उपाध्यक्ष व पार्षद
इस दौरान नप के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू व अध्यक्ष दरक्शां परवीन ने शांतिपूर्वक ढंग से बैठक संचालन का वार्ड पार्षदों से अपील की. बावजूद इसके नप उपाध्यक्ष व पार्षद अपनी मांग पर अड़े रहे. पार्षदों व उपाध्यक्ष ने प्रधान सहायक को अगली बैठक तक निलंबित किये जाने की मांग की. बैठक में विधि सम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन पिछली बैठक के कई प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग पर करीब आधे घंटे तक वार्ड पार्षदों व उपाध्यक्ष के द्वारा बहस चलती रही.
बैठक से बाहर निकल गयीं अध्यक्ष
कुछ पार्षदों ने नियम का भी हवाला दिया, लेकिन खींचतान के बीच अध्यक्ष बैठक से बाहर निकल गयीं. जिस कारण बैठक स्थगित कर दिया गया. मौके पर वार्ड पार्षद सोनी देवी, मंजू देवी, रुही परवीन, मो रिजवान, गौरव जयसवाल, मो. सज्जाद, नौशाद आलम, दौलती देवी, गौतम कुमार, राजेश कुमार दास, श्वेता सिंह, राशीद खान आदि मौजूद थे.
अध्यक्ष बोलीं- पार्षदों की मनमानी से बैठक हो रही स्थगित
दरक्शां परवीन ने कहा कि कुछ पार्षदों की मनमानी रवैया के कारण बोर्ड की बैठक स्थगित हो रही है. कहा कि उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज समेत कुछ पार्षदों ने पिछली बैठक में अशब्द कहे जाने और प्रोसीडिंग में बार-बार छेड़छाड़ को विवाद का कारण बता रहे हैं.
उपाध्यक्ष ने लगाया प्रोसीडिंग में छेड़छाड़ का आरोप
ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि पिछली बैठक के प्रोसीडिंग में छेड़छाड़ किया गया है. साथ ही प्रधान सहायक का रवैया वार्ड पार्षदों व उनके प्रतिनिधियों के साथ सही नहीं है. इसकी मौखिक शिकायत पार्षदों के द्वारा उनके पास कई बार की गयी है.
ईओ बोले- हंगामे से शहर के विकास पर खड़े हो रहे गंभीर सवाल
सुरेंद्र किस्कू ने कहा कि नप उपाध्यक्ष व पार्षदों के हंगामे के कारण अध्यक्ष बैठक छोड़कर चली गयी. कहा कि अब शहर के विकास पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. बैठक के माध्यम से ही शहर की समस्या व उसके निराकरण की रूपरेखा तैयार की जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










