Deoghar News : जंगल में बैठकर करते थे साइबर ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने सारवां थाना क्षेत्र के दलीरायडीह गांव के समीप जंगल में छापेमारी कर चार साइबर आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.
वरीय संवाददाता, देवघर : देवघर पुलिस को एक बार फिर साइबर अपराधियों के खिलाफ सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने सारवां थाना क्षेत्र के दलीरायडीह गांव के समीप जंगल में छापेमारी कर चार साइबर आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर आमलोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के गोबरशाला गांव निवासी सुभाष दास, सारवां थाना क्षेत्र के चरघरा गांव निवासी रमेश दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी ज्योतिन दास व कुंडा थाना क्षेत्र के माल सातर गांव निवासी रमेश दास के रूप में की है. ये चारों आरोपी खुद को क्रेडिट कार्ड अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि या फिर कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और केवाइसी अपडेट, पीएम किसान योजना या एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से जुड़ा हुआ फर्जी लिंक भेजते थे. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे विभिन्न मोबाइल नंबरों से उपभोक्ताओं को कॉल करते थे और उन्हें भ्रमित कर गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खाते से पैसे उड़ा लेते थे. पुलिस ने इनलोगों के पास से चार मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड जब्त किये हैं. बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ पहले से ही कई ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी अधिकारी बनकर साइबर ठगी में लगे हुए हैं. सूचना पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी. साइबर थाना के इंस्पेक्टर त्रिलोचन तामसोय, सारवां थाना प्रभारी, साइबर थाने के एसआइ घनश्याम गंझू और सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चारों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार साइबर ठगों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुट गयी है. हाइलाइट्स -पुलिस ने चार मोबाइल सहित छह सिम कार्ड जब्त किये -बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज -सारवां थाना क्षेत्र के दलीरायडीह जंगल में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशीष कुंदन
आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










