पालोजोरी : अंगारों पर चले भक्त, कांटों पर लेटकर दिया भक्ति का परिचय

भक्तों ने अंगारों में चलकर किया भगवान भोलेनाथ की पूजा
प्रतिनिधि, पालोजोरी ; प्रखंड के विभिन्न गांवों में चड़क पूजा धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई. कुंजबोना पंचायत के नावाडीह, बसहा पंचायत के गोपालपुर तथा मटियारा पंचायत के रघुवाडीह गढ़सरा गांव में 13 और 14 अप्रैल की रात विधि-विधान के साथ यह पूजा आयोजित की गयी. पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का गहरा माहौल देखने को मिला. पांच दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान के दौरान भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की. पूजा को लेकर श्रद्धालु लगभग एक सप्ताह पहले से ही विशेष नियमों का पालन करते हुए संयमित जीवन व्यतीत कर रहे थे. पूजा के अंतिम दिन भक्तों ने अपनी भक्ति की कठिन परीक्षा दी. इसमें कुछ भक्त अंगारों पर चलते नजर आए तो कुछ कांटों पर लेटकर अपनी आस्था प्रकट करते दिखे। रात के समय भक्तों ने हथेली में जलते अंगारे लेकर भगवान भोलेशंकर को पुष्प स्वरूप में अर्पित किया, जिसे चड़क पूजा में “फूल खेला” की परंपरा कहा जाता है. मुख्य पुजारी चरखी पर चढ़कर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आशीर्वाद देते रहे। इस अवसर पर स्थानीय भाषा में “भोक्तिया” कहलाने वाले भक्त लगभग 10 फीट लंबे जलते अंगारों पर चलते हुए भगवान के समक्ष अपनी भक्ति की परीक्षा देते दिखे। इसके बाद उन्होंने कटरंगनी के कांटों पर निर्वस्त्र अवस्था में लगभग 5 फीट की दूरी तय कर अपनी आस्था का प्रदर्शन किया. इस अनोखी और आस्था से भरी पूजा को देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. पूजा में भोक्तिया राजू राय, अमृत राय, विजय चंद्र सिंह, बासुदेव सिंह, बूधन राय, बलराम साह, प्रकाश साह, मनभरन महतो, नकुल पूजहर, निर्मल पूजहर, बली राय, राधेश्याम पूजहर सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे. वहीं अदन महतो, ग्राम प्रधान सच्चिदानंद साह, दीपनारायण साह, दिलीप साह, मुकेश साह, मनोज साह, श्रवण साह, रामजी साह सहित कई ग्रामीण भी मौजूद थे. हाइलार्ट्स : चड़क पूजा में आस्था की अनोखी मिसाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




