जमानत पर बाहर निकले उम्रकैद के दोषी, फिर रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमानत पर बाहर आए उम्रकैद की सजायाफ्ता गौरव झा और निहाल मिश्रा को पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है. इन पर अवैध हथियार दिखाकर रंगदारी मांगने का आरोप है. पुलिस ने श्मशान घाट से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं.

विज्ञापन

कुंडा के किशन हत्याकांड में उम्रकैद पा चुके गौरव-निहाल जमशेदपुर के साकची से धराये, श्मशान की झाड़ियों से पिस्टल-कारतूस बरामद

देवघर : जमानत पर बाहर आने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े रहने के आरोप में कुंडा थाना क्षेत्र के किशन हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पा चुके गौरव झा और निहाल मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को जमशेदपुर के साकची स्थित सरकारी क्वार्टर से पकड़ा गया। वहीं, इनके साथी विलासी मुहल्ला निवासी विक्रम कुमार चौरसिया को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गौरव और निहाल की निशानदेही पर शिवगंगा स्थित श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये। विक्रम की निशानदेही पर छतीसी स्थित उसके दूसरे घर से दुकान से उखाड़कर ले जाया गया सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर बरामद हुआ है।

विज्ञापन

पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि बाबा मंदिर के समीप शिवगंगा क्षेत्र में लगे अस्थायी भादो मेला के दुकानदारों और व्यवसायियों से अवैध हथियार का भय दिखाकर रंगदारी मांगने, मारपीट करने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में नगर थाना में अलग-अलग तिथियों पर चार मामले दर्ज किये गये थे।

साकची के सरकारी क्वार्टर में छिपे थे गौरव और निहाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस नामजद आरोपितों और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। 18 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि मामले के वांछित दो आरोपित जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित सरकारी क्वार्टर में छिपे हैं और राज्य से बाहर भागने की फिराक में हैं।

सूचना के बाद एक टीम तत्काल जमशेदपुर रवाना हुई। साकची थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गौरव झा और निहाल मिश्रा को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद दोनों को देवघर लाया गया।

श्मशान की झाड़ियों से निकली पिस्टल, दो कारतूस

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गौरव और निहाल की निशानदेही पर शिवगंगा श्मशान घाट की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने वहां से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये।

इधर, दूसरी टीम ने विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छतीसी स्थित दूसरे घर में छिपाकर रखा गया सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, उक्त कैमरा और डीवीआर एक दुकान से उखाड़कर ले जाया गया था।

चार रंगदारी मामलों में गौरव-निहाल समेत अन्य नामजद

रंगदारी और मारपीट से जुड़े चार मामलों में गौरव झा, निहाल मिश्रा, राहुल शर्मा समेत अन्य के नाम सामने आये हैं। नगर थाना में कांड संख्या 336/26, 360/26, 363/26 और 364/26 दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

किशन हत्याकांड में दोनों को हो चुकी है उम्रकैद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गौरव झा और निहाल मिश्रा को कुंडा थाना कांड संख्या 110/23, दिनांक 20 जून 2023, धारा 302/201/34 भादवि के मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। दोनों फिलहाल जमानत पर बाहर थे। पुलिस के अनुसार, जमानत पर बाहर रहने के दौरान भी दोनों के खिलाफ वर्ष 2026 में कई मामले दर्ज हुए हैं।

गौरव के खिलाफ नगर थाना में वर्ष 2018 और 2021 के मामलों के अलावा वर्ष 2026 के तीन मामले और कुंडा थाना का किशन हत्याकांड दर्ज है। वहीं, निहाल के खिलाफ वर्ष 2026 में नगर थाना के चार मामले और कुंडा थाना का किशन हत्याकांड दर्ज है। निहाल के खिलाफ फरवरी 2026 में आर्म्स एक्ट से जुड़ा मामला भी दर्ज है।

आपराधिक इतिहास में दर्ज मामले

गौरव झा : नगर थाना कांड संख्या 121/18, 24/21, 360/26, 363/26 और 364/26 तथा कुंडा थाना कांड संख्या 110/23।

निहाल मिश्रा : नगर थाना कांड संख्या 65/26, 360/26, 363/26 और 364/26 तथा कुंडा थाना कांड संख्या 110/23।

छापेमारी टीम में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल

छापेमारी दल में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, इंस्पेक्टर सह नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, एसआई घनश्याम गंझू, सूरज कुमार, शंकर रजक, मुकेश तिवारी, सुमंत प्रसाद व मिथिलेश कुमार, एएसआई अरविंद कुमार, राजू रजवार व संतोष कुमार तथा नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola