चमोली सुरंग हादसे से झारखंड में बढ़ी चिंता, खूंटी-गुमला के श्रमिक फंसे; हेल्पलाइन जारी

Updated:
विज्ञापन

चमोली सुरंग हादसा| प्रभात खबर

चमोली सुरंग हादसे में झारखंड के कई श्रमिक फंसे हैं. CM हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी से बात कर सुरक्षित रेस्क्यू की जानकारी ली. जानें पूरा अपडेट और हेल्पलाइन नंबर.

विज्ञापन

रांची: उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग के धंसने से झारखंड के कई श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी सामने आयी है. घटना की सूचना मिलते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की. मुख्यमंत्री धामी ने आश्वस्त किया कि सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं.

झारखंड सरकार की ओर से खूंटी, गुमला समेत राज्य के कुछ जिलों के श्रमिकों के इस परियोजना में काम करने की जानकारी सामने आयी है. घटना के बाद राज्य सरकार भी उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में है और श्रमिकों के परिजनों से जानकारी साझा करने की अपील की गयी है.

सीएम हेमंत सोरेन ने जतायी चिंता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार निर्माणाधीन सुरंगों में हादसे और श्रमिकों के फंसने की खबरें मन को व्यथित करती हैं. उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन प्रकृति के सम्मान और पर्यावरणीय संतुलन के साथ होना चाहिए. प्रकृति के अंधाधुंध दोहन के गंभीर परिणाम बार-बार चेतावनी दे रहे हैं.

सीएम ने कहा कि झारखंड के जिन लोगों के परिजन या परिचित इस परियोजना में काम करने गये हैं, वे राज्य सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क करें और उपलब्ध जानकारी साझा करें. उन्होंने कहा कि हर श्रमिक की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

झारखंड के पांच मजदूर घायल होने की जानकारी

हादसे में झारखंड के पांच मजदूरों के घायल होने की जानकारी मिली है. इनका इलाज चल रहा है. घायलों की पहचान खेला राम (22), विसरा, दीना बेंगरा (26), रोने, तोरपा, निस्तर भेंगरा (24), बेराकिसु टोली, विनोद रायना (46), गुमला और हबील गुड़िया (27), तपकरा के रूप में बतायी गयी है. हालांकि घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और इलाज से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

मृतकों में एक चमोली का, अन्य की पहचान स्पष्ट नहीं

हादसे में पांच श्रमिकों की मौत की भी जानकारी सामने आयी है. मृतकों में प्रदीप पंवार (35), ग्राम गांवर, चमोली की पहचान बतायी गयी है. वहीं अन्य चार मृतकों के नाम मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय और जितेंद्र बताये गये हैं.

परिजन कंट्रोल रूम से कर सकते हैं संपर्क

मुख्यमंत्री ने झारखंड के लोगों से अपील की है कि जिनके परिजन या परिचित चमोली की परियोजना में काम कर रहे हैं, वे राज्य सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क कर संबंधित जानकारी साझा करें. सरकार की ओर से श्रमिकों की स्थिति की जानकारी जुटाने और उत्तराखंड प्रशासन के साथ समन्वय की प्रक्रिया जारी है.

झारखंड सरकार की हेल्पलाइन

टोल फ्री: 1800-3456-526 व्हाट्सऐप: 9470132591 व्हाट्सऐप: 9431336472 व्हाट्सऐप: 9431336427

रेस्क्यू अभियान पर नजर

सुरंग हादसे के बाद फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. झारखंड सरकार भी उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन से संपर्क में रहकर राज्य के श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ले रही है.


विज्ञापन
वैभव विक्रम

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola