सिमरिया में लोबगा तालाब का बांध टूटा, दो प्रखंडों के 10 से अधिक गांवों लोग प्रभावित
टूटा बांध | Prabhat Khabar Network
लोबगा तालाब का बांध टूटने और बारिश में सड़क बह जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दो प्रखंडों के 10 से अधिक गांवों के एक हजार से ज्यादा लोग रोजाना लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं. ग्रामीण पुल और सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं.
सिमरिया(चतरा). प्रखंड के लोबगा तालाब का बांध टूट गया है. इसकी वजह से तालाब पर बनी सड़क बारिश में बह गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. लोगों को 200 मीटर की जगह डेढ़ किमी लंबी दूरी तय कर दूसरे सड़क मार्ग से आना-जाना पड़ रहा है.
वहीं, लोबगा गांव के स्कूली बच्चों को कसियाडीह विद्यालय आने-जाने में दिक्कत हो रही है. सड़क के अभाव में लोगों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है. इस बांध पर बनी पीसीसी सड़क से दो प्रखंडों के लोग आवागमन करते थे.
रोजाना एक हजार से अधिक लोगों का होता था आवागमन
सिमरिया प्रखंड के लोबगा, हर्षनाथपुर, चाडरम, बानासाडी, इचाक, कसियाडीह, चंदिया व इचाबार और पत्थलगड्ढा प्रखंड के नावाडीह बाजोबार, कुमका, काशीबार आदि गांव के एक हजार से अधिक लोगों का हर दिन आवागमन होता था.
बांध के टूटने से इन गांवों के लोगों को लंबी दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है.
18 अगस्त की बारिश में टूटा था बांध
मालूम हो कि 18 अगस्त को तेज बारिश में इस तालाब का बांध टूट गया था और इसमें बनी सड़क बह गई थी. किसानों की धान की फसल भी बर्बाद हो गई थी. तब से लेकर आज तक ग्रामीण सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं. सड़क नहीं बनने से ग्रामीण दूसरे मार्ग से आने-जाने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों ने पुल और सड़क निर्माण की मांग की
ग्रामीण बबलू भोगता, सरयू कुमार, लखन पासवान, पिंटू गंझु, राजू गंझु, सुमेंद्र कुमार, रमेश महतो, रामेश्वर महतो सहित ग्रामीणों ने कहा कि बांध के टूटने और सड़क के बह जाने से आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीणों ने कहा कि सिमरिया और पत्थलगड्डा प्रखंड जाने के लिए यह मुख्य पथ था. बांध के टूटने से आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बांध में पुल व सड़क निर्माण कराकर आवागमन शुरू करवाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: लातेहार के जंगल से भटककर पहुंचा घायल कोटरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए