अलग फीडर चालू करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 26 May 2026 10:51 PM
सात वर्ष बाद भी आश्वासन पूरा नहीं होने पर लोगों को फूटा गुस्सा
नाराजगी. सात वर्ष बाद भी आश्वासन पूरा नहीं होने पर लोगों को फूटा गुस्सा पत्थलगड्डा. प्रखंड के नावाडीह व बाजोबार के ग्रामीणों ने अलग फीडर चालू करने की मांग को लेकर मंगलवार को पावर सब स्टेशन के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया, जिसमें काफी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे. धरना की अध्यक्षता नरेश प्रसाद ने की. ग्रामीणों ने कहा कि 2019 में अलग फीडर की मांग को लेकर धरना दिया गया था. उस वक्त जेई तरुण कुमार ने लोगों को अलग फीडर लगा कर बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया था, लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी अलग फीडर नहीं हुआ, इसे लेकर धरना दिया गया है. कहा कि गांव की कीमती जमीन पावर सब स्टेशन बनाने के लिए दी थी. उस वक्त विभाग के पदाधिकारियों ने उक्त दोनों गांव में नि:शुल्क बिजली व लोकल फीडर लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसका लाभ यहां के लोगों को नहीं मिला. इससे क्षुब्ध होकर धरना-प्रदर्शन किया गया. सूचना पाकर सीओ सह बीडीओ उदल राम, विद्युत विभाग के जेई तरुण कुमार धरना स्थल पर पहुंचे. जेई ने चार दिनों के अंदर अलग फीडर चालू करने का आश्वासन दिया. इसके बाद धरना हटा लिया गया. मौके पर पूर्व मुखिया मेघन दांगी, जिप सदस्य रामसेवक दांगी, गणेश दांगी, पूर्व पंसस राजेश दांगी, महावीर प्रसाद, तारकेश्वर राणा, देवव्रत दांगी, समाजसेवी रामचंद्र दांगी, धुपाल प्रसाद, राजेश शर्मा, रंजय दांगी, कृष्णा दांगी, अनिल दांगी समेत कई उपस्थित थे. वहीं दूसरी ओर प्रखंड की चार पंचायत बरवाडीह, सिंघानी, नोनगांव, मेराल के लोगों ने गांधी चौक में बैठक कर नावाडीह को अलग फीडर चालू करने का विरोध किया. कहा कि प्रखंड में 30 गांव है, आबादी 30 हजार है. ऐसे में नावाडीह के ग्रामीणों द्वारा अलग फीडर की मांग करना अनुचित है. मुख्यालय में कई सरकारी कार्यालय है, साथ ही सिमरिया प्रखंड के कई गांव जुड़े हुए हैं. लोगों ने नावाडीह के लोगों द्वारा की जा रही मांग को निरस्त करने की मांग की है. मौके पर सांसद प्रतिनिधि आशीष दांगी, बिरबल दांगी, प्रमुख प्रतिनिधि चंद्रमणी यादव, प्रमोद कुशवाहा, विशेश्वर कुशवाहा, मिथिलेश दांगी समेत कई उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










