जेल में बंदी की मौत के बाद सड़क किया गया जाम, पुलिस ने सख्ती बरत कर सड़क जाम को हटाया
सड़क जाम करते लोग | Prabhat Khabar Network
चतरा मंडलकारा में बंदी की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू की.
चतरा. मंडलकारा में बंदी मंटू सिंह उर्फ दिलेश गंझु की मौत के बाद सोमवार को मृतक के परिजन व काफी संख्या में ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस चौक को जाम कर दिया. परिजनो ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई व मृतक के परिजनो को 50 लाख मुआवजा देने की मांग किया. सड़क जाम करीब डेढ़ घंटे तक रहा. दोपहर 12:45 बजे से 2:15 बजे तक जाम रहने से आवागमन पूरी तरह ठप रहा.
जाम से लोग हुए परेशान
जिससे सड़क की दोनो ओर वाहनो की लंबी कतारे लग गयी. लोगो को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. आर्मी की कई बड़े छोटे वाहन भी फंसा रहा. सड़क जाम की सूचना पाकर प्रभारी बीडीओ सह सीओ मनोज गोप व थाना प्रभारी अनिल उरांव दल बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और लोगो को समझा बुझा कर जाम हटाने का प्रयास किया. लेकिन जाम कर रहे लोग अपनी मांगो पर अड़िग थे.
सड़क पर पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने
इस दौरान पुलिस पदाधिकारी व जवानो ने जाम कर रहे कई महिला-पुरूष को पकड़ कर वाहन से सदर थाना भेज दिया. साथ ही लोगो को खदेड़ा गया. पुलिस ने पहले दोपहर 1:50 बजे जाम कर रहे लोगो को सख्ती बरत कर हटाया, इसके बाद कुछ वाहनो को जाने के बाद कुछ ही मिनट में पुन जाम कर दिया गया. कुछ देर में फिर से जाम हटाया गया. इस दौरान जाम कर रहे लोगो ने जेल प्रशासन व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया.
जेल अधीक्षक की बर्खास्तगी की मांग
जेल अधीक्षक को तत्काल बर्खाश्त करने, मामले की निष्पक्ष जांच व मृतक के परिजनो को मुआवजा व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग करते रहे. मालूम हो कि 15 अगस्त की रात जेल में बंद बंदी पलामू जिला मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव निवासी मंटू सिंह उर्फ दिलेश गंझु की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी थी. रविवार को सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की टीम की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम हुआ. टीम में हंटरगंज सीओ सह दंडाधिकारी रितिक कुमार, डॉ अजहर, डॉ विनय मेहता व डॉ शैलेंद्र कुमार चौधरी शामिल थे. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेने से इनकार कर दिया था. बता दें कि मंटू 15 अप्रैल 2024 से आर्म्स एक्ट व सीएलए एक्ट के मामले में जेल में बंद था.
जेल प्रशासन पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई संतु सिंह ने सदर थाना में आवेदन देकर जेल प्रशासन पर सुनियोजित षड़यंत्र के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है. आरोप मंडल काराधीक्षक, कारापाल व अन्य जेल कर्मियों पर लगाया है. जेल प्रशासन द्वारा कभी भी तबियत खराब होने की बात नहीं कही. इस संबंध में थाना प्रभारी अनिल उरांव ने कहा कि फिलहाल यूडी का मामला दर्ज कर लिया गया है. आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.
अमरूद खाने के आरोप में हुई थी बेरहमी से पिटाई
मृतक मंटू के बड़े भाई मदन गंझु ने कहा कि करीब एक साल पूर्व जेल के सिपाहियों ने अमरूद तोड़ कर खाने के आरोप में मंटू को बेरहमी से पिटाई किया था. लगातार प्रताड़ित भी किया जाता था. एक सप्ताह पूर्व मंटू से भाई ने बात किया था. जिसमें मंटू ने बचे हुए दो मामले में बेल फाइल करने की बात कही थी. अचानक रविवार की सुबह नौ बजे जेल से फोन आता है कि मंटू की तबियत खराब हो गयी है, आपलोग जल्दी आइये. दो भाई घर से जेल आया और सदर अस्पताल पहुंचे, वहां बताया गया कि मंटू का ईलाज के बाद जेल भेजा गया है. जेल पहुंचने पर पुन अस्पताल भेजा गया. अंत में पोस्टमार्टम रूम में देखा कि मंटू मृत अवस्था में पड़ा है. बताया कि जेल प्रशासन ने मामले को छूपाते हुए गुमराह करने का प्रयास किया है. रात में ही उसकी मौत हो गयी थी, तो सुबह में तबियत होने की बात कही गयी.
ये भी पढ़ें: बड़गांव घटना पर बड़ा एक्शन, टंडवा पहुंचे डीआईजी; फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा
डीसी ने जांच का दिया आश्वासन
20 की संख्या में लोगो ने उपायुक्त रवि आनंद से मुलाकात कर अपनी मांगो को उनके समक्ष रखा. उपायुक्त ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी. गड़बड़ी पाये जाने पर संबंधित पदाधिकारी व कर्मियों पर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही आगे की प्रक्रिया किया जायेगा. उपायुक्त के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और देर शाम शव को सदर अस्पताल लेकर घर के लिए रवाना हो गये.
ये भी पढ़ें: मयूरहंड में बैठक के दौरान बड़ा फैसला, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मो. तसलीम
मो. तसलीम चतरा से 29 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









