चतरा : बरमा गांव में वन विभाग ने मनाया करमा पूजा महोत्सव, महिला मंडल ने की पूजा - मांदर की थाप पर झूमे ग्रामीण
बरमा गांव में करमा पूजा महोत्सव, महिला मंडल ने की पूजा (AI Generated Image)
बरमा गांव में वन विभाग और ग्रामीणों ने पारंपरिक उत्साह से करमा पूजा का पर्व मनाया. करम वृक्ष की पूजा और मांदर की थाप पर थिरके ग्रामीण.
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
कुंदा (चतरा). कुंदा प्रखंड के बरमा गांव में मंगलवार को वन विभाग की ओर से करमा पूजा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिला मंडलों और वन विभाग के कर्मियों ने मिलकर प्रकृति पर्व करमा पूजा पारंपरिक तरीके से मनायी. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम की शुरुआत गांव की महिला मंडल की सदस्यों ने करम वृक्ष की विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना कर की. पूजा के दौरान करम पर्व की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार रस्में पूरी की गयीं. इसके बाद पूरे परिसर में ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप गूंजने लगी.
पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए ग्रामीण
करमा पूजा के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वनकर्मियों और ग्रामीणों ने एक साथ करम नृत्य प्रस्तुत किया. मांदर की थाप पर ग्रामीणों ने पारंपरिक गीत और नृत्य के साथ पर्व की खुशियां मनायीं. इससे पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा. मौके पर मुखिया अनिता देवी, प्रभारी वनपाल दिवाकर कुमार दास, रविशंकर, दीपक गुप्ता, संदीप सिंह, मुरारी प्रजापति, प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती, बिनोद साव, राजद जिला उपाध्यक्ष दिलीप प्रसाद यादव, वार्ड सदस्य और वन समिति के सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक संस्कृति और प्रकृति से जुड़े करमा पर्व की मान्यताओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया. वन विभाग के कर्मियों और ग्रामीणों की संयुक्त भागीदारी से कार्यक्रम में सामुदायिक एकजुटता भी देखने को मिली.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए