चतरा में नाजायज रिश्ते का विरोध करने पर देवर की हत्या, पुलिस ने 4 को हिरासत में लिया

Updated:
विज्ञापन
Chatra Crime News

रोते बिलखते परिजन और बेसुध पड़ी उनकी पत्नी

Chatra Crime News: चतरा के हंटरगंज में अवैध संबंध और दीवार विवाद के कारण सगे भाई कामदेव यादव और भाभी बिंदु देवी ने मिलकर देवचरण यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी. इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

विज्ञापन

चतरा से दीन बंधु और मो कासिफ की रिपोर्ट

Chatra Crime News, चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत तेलहेत पंचायत के सेलवार गांव में शनिवार की रात पारिवारिक दुश्मनी और अवैध संबंधों के चलते एक खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया. यहां एक कलयुगी बड़े भाई और भाभी ने मिलकर अपने ही सगे छोटे भाई की सोते समय गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान सेलवार गांव के वासुदेव यादव के 35 वर्षीय पुत्र देवचरण यादव के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही हंटरगंज थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. इस वारदात के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव का माहौल बेहद गमगीन है.

दीवार उठाने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

मृतक की पत्नी रंजू देवी ने पुलिस के सामने इस पूरी खूनी साजिश का खुलासा किया है. रंजू देवी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे घर में दीवार उठाने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई थी. पति के साथ कोई अनहोनी न हो जाए, इस डर से रंजू देवी रातभर जागी रही और अपने पति की निगरानी करती रही. सुबह करीब 4:00 बजे जब सब कुछ शांत दिखा, तो वह रोजाना की तरह पास के जंगल में महुआ का ढोरा (फल) चुनने चली गई. लेकिन जब वह सुबह वापस घर लौटी, तो उसने जो देखा उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने अपने भैसूर (जेठ) कामदेव यादव और बड़ी भाभी बिंदु देवी को अपने पति के कमरे से बाहर निकलते देखा, जबकि कमरे के दरवाजे पर उनका बेटा विकास कुमार और बेटी प्रियंका कुमारी पहरा दे रहे थे. जब रंजू घबराकर कमरे के अंदर गई, तो उसके पति देवचरण यादव बिस्तर पर मृत पड़े थे और उनके गले पर दबाए जाने के गहरे निशान थे.

Also Read: अंधविश्वास की बलि चढ़ी मां-बेटी, जेठ ने कुल्हाड़ी से काटकर गर्भवती महिला और मासूम भतीजी की कर दी हत्या

अवैध प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर मिली मौत की सजा

इस जघन्य हत्याकांड के पीछे केवल जमीन का विवाद नहीं, बल्कि एक बेहद शर्मनाक वजह भी सामने आई है. मृतक की पत्नी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि उसके जेठ कामदेव यादव और बड़ी भाभी बिंदु देवी के बीच लंबे समय से अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा था. मृतक देवचरण यादव इस अपवित्र रिश्ते का लगातार कड़ा विरोध करता था और समाज में लोक-लाज का हवाला देकर उन्हें सुधरने को कहता था. इसी विरोध से तंग आकर जेठ, भाभी और उनके बच्चों ने मिलकर देवचरण को रास्ते से हटाने का खूनी प्लान बनाया और उसकी पत्नी की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर सोते हुए देवचरण का काम तमाम कर दिया. मृतक देवचरण सिरसा में रहकर मजदूरी का काम करता था और करीब एक महीना पहले ही अपने घर लौटा था. वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गया है.

रांची से बुलाई जा रही फॉरेंसिक टीम, 4 आरोपी हिरासत में

वारदात की सूचना पाकर हंटरगंज थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) भोला सोव दलबल के साथ सेलवार गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि हत्या के पुख्ता सबूत जुटाने के लिए रांची से विशेष फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया जा रहा है. पुलिस इस मामले की हर संभावित एंगल से सघन जांच कर रही है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी भाई कामदेव यादव, भाभी बिंदु देवी, भतीजे विकास और भतीजी प्रियंका कुमारी को हिरासत में ले लिया है और थाने में उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.

Also Read: एम्स देवघर में पहली बार सफल हुई ओपन हार्ट सर्जरी, स्वास्थ्य क्षेत्र में रचा नया इतिहास

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola