मेघाहातुबुरु में क्लब व केबल टीवी कंट्रोल रूम में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मेघाहातुबुरु क्लब में चोरी.
मेघाहातुबुरु में चोरों ने सामुदायिक भवन और केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर कीमती सामान उड़ाए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है।
गुवा : सेल मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने सेल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है. 9 और 10 सितंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने सामुदायिक भवन (क्लब) और उसके बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर ली और फरार हो गए.
चोरी से पहले काट दी थी बिजली की तार
बताया जाता है कि चोरी से पहले चोरों ने सामुदायिक भवन के बाहर लगे दो बिजली खंभों की लाइट की तार नीचे से काट दी. इससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया. अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया. चोर क्लब के मुख्य गेट के समीप स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो-तीन दरवाजों को खोलते हुए स्टोर रूम तक पहुंचे.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्टोर रूम में रखे साउंड सिस्टम से जुड़े मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन हैलोजन लाइट चोर अपने साथ ले गए. इसके बाद चोरों ने बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम को भी निशाना बनाया. वहां का ताला तोड़कर केबल तार एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी कर ली. क्लब परिसर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. ऐसे में पुलिस कैमरों में कैद संदिग्धों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
पहले भी सामने आई है चोरी की घटनाएं
मेघाहातुबुरु में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. मार्केट स्थित शराब दुकान, उसके आसपास की दुकानों, प्रोस्पेक्टिंग क्षेत्र की एक दुकान तथा सेल के मेंटेनेंस ऑफिस का ताला तोड़कर भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ घटनाओं में संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए, बावजूद इसके अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सेल कर्मियों,दुकानदारों और आम नागरिकों में भय का माहौल है. लोगों ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए