Chaibasa News : चक्रधरपुर में मानव तस्करों से बचायी गयीं छह बच्चियां

चक्रधरपुर पुलिस और रेलवे टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर बचायी जान
चक्रधरपुर. जिले में मानव तस्करी के खिलाफ गुरुवार की रात प्रशासन को बड़ी सफलता मिली. चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर 6 बच्चियों (14 से 16 वर्ष) को तस्करों के चंगुल में जाने से बचा लिया गया. उन्हें बहला-फुसलाकर और पैसे का लालच देकर दूसरे राज्यों में ले जाने की तैयारी थी. इस दौरान तस्कर फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने उनकी पहचान और धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि तस्करों के गिरोह का पता लगाने के लिए बच्चियों से पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, इनमें से 4 बच्चियां आंध्र प्रदेश और 2 बच्चियां बेंगलुरु ले जायी जा रही थीं. जानकारी के अनुसार, रांची की एक सामाजिक संस्था से मिली सूचना पर विभिन्न विभागों ने मिलकर जाल बिछाया. बच्चियों को स्टेशन पर चिह्नित कर टीम ने अपने संरक्षण में ले लिया. सफल रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने किया. अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग, चक्रधरपुर महिला थाना, और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा की टीम सक्रिय रही. आपसी समन्वय के कारण ही इस गंभीर स्थिति को टालना संभव हो सका.
बच्चियों की काउंसेलिंग और पुनर्वास की तैयारी :
थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी बच्चियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है. बाल कल्याण समिति के निर्देशानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बच्चियों की काउंसलिंग भी करायी जा रही है ताकि उनके मन से इस घटना का खौफ निकल सके और वे दोबारा अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.प्रशासन की अपील, संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत दें सूचना:
अधिकारियों ने जिले में बढ़ती तस्करी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए आम लोगों से सहयोग मांगा है. प्रशासन ने अपील की है कि बच्चों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें. आपका एक कॉल किसी मासूम की जिंदगी बचा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




