Bokaro News : जंगल में फेंके मिले भारी मात्रा में वोटर और एटीएम कार्ड

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : जंगल में फेंके मिले भारी मात्रा में वोटर और एटीएम कार्ड

Bokaro News : जंगल से भारी संख्या में वोटर आइडी, एटीएम और पैन कार्ड फेंके मिले.

विज्ञापन

सेक्टर छह थाना क्षेत्र के जंगल से भारी संख्या में वोटर आइडी, एटीएम और पैन कार्ड बरामद किया गया है. पुलिस ने बताया कि इनमें करीब 600 वोटर आइडी कार्ड, 50 एटीएम कार्ड और 25 पैन कार्ड शामिल हैं. प्रारंभिक जांच में सभी दस्तावेज असली पाये गये हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात स्थानीय कुछ युवक जंगल की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर कार्डों के ढेर पर पड़ी. युवकों ने इसकी सूचना सेक्टर छह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संगीता कुमारी और हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी दस्तावेज जब्त कर लिये.

माराफारी क्षेत्र के लोगों के नाम पर बने हैं कार्ड

पुलिस जांच में पता चला है कि अधिकांश वोटर कार्ड पर माराफारी थाना क्षेत्र के माराफारी, आजाद नगर और झोपड़ी कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों का पता दर्ज है. सभी वोटर कार्ड वर्ष 2022 में बने हुए हैं. आशंका जतायी जा रही है कि संबंधित कार्डधारकों तक समय पर दस्तावेज नहीं पहुंचाये गये और बाद में इन्हें दूसरे थाना क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया गया.

जांच के लिए अलग-अलग टीम बनी

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है. मंगलवार को एक टीम विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों से मिलकर एटीएम कार्ड की जांच करायी. जांच में सामने आया कि सभी एटीएम कार्ड ओरिजिनल हैं और उनकी वैधता वर्ष 2029, 2031 और 2032 तक है. वहीं, दूसरी टीम पैन कार्ड की जांच के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों से मिली. अधिकारियों ने भी सभी पैन कार्ड को असली बताया. आयकर विभाग ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पैन कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं और इनके इस तरह जंगल में मिलने की गहन जांच होनी चाहिए.

आधार कार्ड की भी हो रही जांच

पुलिस की तीसरी टीम आधार कार्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए प्रज्ञा केंद्रों के माध्यम से तकनीकी पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि सभी कार्डधारकों से मोबाइल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, ताकि दस्तावेज सही लोगों तक पहुंचाया जा सके. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज जंगल में कैसे पहुंचे.

विज्ञापन
Janak Singh Choudhary

लेखक के बारे में

By Janak Singh Choudhary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola